भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने समझाई कार्य योजना
अटल जी के हर कर्म में सदैव राष्ट्रहित सर्वोपरि था : पंडित मोहन लाल बड़ौली
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में जो विकास हो रहा है, उसकी नींव अटल जी ने रखी थी : बड़ौली

चंडीगढ़, 19 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष को अटल स्मृति दिवस के रूप में मना रही है। शुक्रवार को कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर पानीपत स्थित भाजपा कार्यालय श्याम कमल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें नेताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने अटल स्मृति सम्मेलन के जिला संयोजकों और सह संयोजकों कार्य योजना समझाई। प्रदेश व जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों बारे में बैठक में विस्तार से चर्चा हुई और कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में प्रदेश समन्वय टोली की संयोजक प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश सचिव राहुल राणा, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, जिला प्रभारी कमल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग और पूर्व विधायक जगदीश नैय्यर, रवि बतान सहित सभी जिलों की टोलियों के संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित रहे।
कार्यशाला के बारे में विस्तार से बताते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि 25 से 31 दिसंबर होने वाले कार्यक्रम आज तय किए गए हैं। 25 से लेकर 31 दिसंबर तक हरियाणा की सभी 90 विधानसभाओं में अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। हर विधानसभा में कम से कम एक चौक-चौराहे व उद्यान या सड़क का नाम अटल जी के नाम पर रखा जाएगा और अटल जी की प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। अटल स्मृति सम्मेलनों में तीन वक्ता अटल जी के व्यक्तित्व और उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भारतीय राजनिति में अतुलनीय योगदान है। अटल जी भाजपा के हर कार्यकर्ता के प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक ऐसे ही कर्मशील युगपुरुष थे, जो जीवनपर्यंत निःस्वार्थ भाव से अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर रहे। अटल जी के हर कर्म में सदैव राष्ट्रहित सर्वोपरि था।
अटल के विचारों को सुशासन की नींव बताते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में जो विकास हो रहा है, उसकी नींव अटल जी ने रखी थी। अटल जी का दूरदर्शी नेतृत्व और विकास की सोच आज पीएम मोदी के कार्यकाल में साकार हो रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की नायब सरकार नायाब तरीके से काम कर रही है। प्रदेश की नायब सैनी सरकार जनकल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतार कर गरीबों, किसानों और महिलाओं को सीधा लाभ पहुंचा रही है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि अटल स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में 25 से 31 दिसंबर तक रक्तदान शिविर लगेंगे, सुशासन यात्राएं निकाली जाएंगी। एक सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रमों के तहत नगर निगमों, शहरों में सुशासन सम्मेलनों का आयोजन, जिला स्तर पर एवं प्रमुख शहरों में कवि सम्मेलन, चित्रकला प्रतियोगिता, ग्राफिक्स एवं रील प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। उन्होंने कहा कि 24 दिसंबर को अटल जी की स्मृति में सभी प्रतिमाओं एवं स्मारकों की साफ-सफाई अभियान चलेगा और शाम को अटल जी की प्रतिमा के सामने भाजपा के सभी कार्यालयों में दीपोत्सव का आयोजन होगा।









