धारूहेड़ा में बिजली आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धारूहेड़ा (रेवाड़ी), 18 दिसम्बर 2025 । दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के रेवाड़ी सर्कल की धारूहेड़ा डिवीजन में आज दिल्ली ऑपरेशन जोन के मुख्य अभियंता वीके अग्रवाल की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीके चौहान अधीक्षण अभियंता ऑपरेशन रेवाड़ी सहित ऑपरेशन सर्कल रेवाड़ी के सभी कार्यकारी अभियंता एवं उप-मंडल अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य बिजली आपूर्ति से जुड़े प्रमुख मानकों की समीक्षा करना रहा।

बैठक में उप-मंडलवार पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत कनेक्शन जारी करने की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आरआईबी लक्ष्यों, टीएंडडी एवं एटीएंडसी हानियों, संग्रह दक्षता तथा शहरी एवं आरडीएस फीडरों के हानि स्तर पर विस्तृत चर्चा हुई। म्हारा गांव जगमग गांव योजना के क्रियान्वयन की स्थिति, नए कनेक्शन, ईओएल, आरओएल तथा औद्योगिक कनेक्शनों की लंबित स्थिति पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।

बैठक में राजस्व वसूली की प्रगति, शीर्ष डिफॉल्टरों की स्थिति, ट्रांसफॉर्मर क्षति दर, बिजली चोरी की पहचान, वसूली एवं एफआईआर मामलों में दोषसिद्धि की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त झुके हुए खंभों के प्रतिस्थापन, मीटरों की सही स्थापना, सीबीओ गतिविधियों, बिलिंग दक्षता तथा एमआरए के प्रदर्शन पर भी विचार-विमर्श हुआ।

उपभोक्ता शिकायत निवारण को लेकर सीएम विंडो, जनसंवाद, सरल स्कोर, सीपीग्राम्स, एसएमजीटी जैसे विभिन्न पोर्टलों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही सब-स्टेशनवार पावर ट्रांसफॉर्मरों की लोडिंग तथा आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए फीडरों के रखरखाव और वितरण ट्रांसफॉर्मरों की लोडिंग के लिए ठोस कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

मुख्य अभियंता ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें