गुरुग्राम में सनसनी: इफको चौक के पास मिट्टी में दबा मिला महिला का शव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गला घोंटकर हत्या की आशंका, पुलिस ने की जांच तेज

गुरुग्राम, रविवार। इफको चौक मेट्रो स्टेशन के समीप शराब की दुकान के पास खाली पड़े मैदान में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक अज्ञात महिला का शव मिट्टी में दबा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सेक्टर-29 थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि गला घोंटकर हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, शव लेजर वैली पार्क की खाली भूमि पर मिट्टी में आधा दबा हुआ पाया गया, जिसमें महिला का चेहरा दिखाई दे रहा था।

हत्या कर रात में लाकर दफनाए जाने की संभावना

पुलिस को संदेह है कि महिला की कहीं और हत्या कर शनिवार देर रात शव को यहां लाकर दफनाया गया। आसपास के लोगों को बुलाकर पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी महिला की शिनाख्त नहीं कर सका। पुलिस ने फिलहाल शव को अज्ञात श्रेणी में लेकर मिसिंग रिपोर्ट्स से मिलान शुरू कर दिया है।

CCTV व मोबाइल CDR खंगालने में जुटी पुलिस

घटना स्थल के आसपास रात के समय कम आवाजाही रहती है, ऐसे में पुलिस ने 50 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मोबाइल टावर लोकेशन की CDR जांच भी की जा रही है ताकि संदिग्धों तक पहुंचा जा सके। क्राइम यूनिट को भी जांच में शामिल किया गया है।

सेक्टर-29 थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर हत्या के तरीके और समय का पता लगाया जाएगा। महिला की पहचान स्थापित होते ही आरोपियों तक पहुंचना आसान होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!