आम आदमी पार्टी की 4 अगस्त को महेंद्रगढ़ में 10 अगस्त को नारनौल में रैलियां 

महेंद्रगढ़ रैली को संजय सिंह तथा नारनौल रैली को सुनीता केजरीवाल संबोधित करेंगी

भारत सारथी कौशिक 

नारनौल। आम आदमी पार्टी से जुड़े संघर्ष एल नेता गिरीश खेड़ा ने आज एक पत्रकार वार्ता में स्वयं को नारनौल विधानसभा से आप पार्टी के एक दावेदार के रूप में पेश करते हुए कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी के पक्ष में माहौल है। पार्टी विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर है और वह इसके लिए तैयारियों में जुट गई है। 

प्रदेश में 90 सीटों की हर दो विधानसभा के लोगों से एकसाथ संवाद किया जाएगा। पहली शुरुआत महेंद्रगढ़ और अटेली विधानसभा के लोगों से संवाद करने के लिए महेंद्रगढ़ सब्जी मंडी के पास रामलीला मैदान में 4 अगस्त को रैली की जाएगी, जिसे संजय सिंह संबोधित करेंगे। इसके बाद नारनौल और नांगल चौधरी विधानसभा के लोगों के बीच आगामी 10 अगस्त को नई कचहरी के साथ लगते मैदान में रैली कर पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील की जाएगी। इस सभा को सुनीता केजरीवाल संबोधित करेंगी।

श्री खेड़ा ने कहा कि वह नारनौल विधानसभा से हमेशा जनता के दुख दर्द में शरीक रहे हैं और समय-समय पर उन्होंने जनता की समस्याओं को लेकर जन आंदोलन भी किए हैं।  वह अपने संघर्ष और पार्टी के प्रति निष्ठा के साथ जनता से जुड़ाव होने के दावे के साथ टिकट की मांग कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ नारनौल विधानसभा से जन समर्थन है।

उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बाद भी आम आदमी पार्टी देश में मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है। उसका शीर्ष नेतृत्व जेल में है फिर भी वह देश में जनता के हितों के लिए संघर्षरत है। खेड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने देश में राजनीति को नई दिशा दी है और जनता को उससे बड़ी अपेक्षाएं हैं। 

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष जय सिंह सैनी, जिला संयुक्त सचिव करण सिंह यादव, उपाध्यक्ष आत्माराम, सुनीता खन्ना, अनुपम शर्मा, डॉक्टर तुषार शर्मा, जोगिंदर खन्ना व मीडिया प्रभारी मनीष कुमार भी उपस्थित थे।

You May Have Missed