बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है ‘हरियाणा मांगे हिसाब’, भाजपा ने आरंभ किया ‘हुड्डा दे जवाब’

दोनों दल आमने-सामने, कांग्रेस बहस को तैयार

 ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ मंत्र को लेकर तीसरी बार चुनाव जीतने की तैयारियों में जुटी भाजपा

अशोक कुमार कौशिक 

हरियाणा में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ और भाजपा द्वारा आरंभ किए गए ‘हुड्डा दें जवाब’ अभियानों को लेकर दोनों राजनीतिक दल आमने-सामने हैं। हरियाणा कांग्रेस कमेटी ने सत्तारूढ़ भाजपा से जहां 10 साल के कार्यकाल का हिसाब मांगा है, वहीं भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 10 साल के कार्यकाल में किए गए कार्यों पर उनसे सवाल पूछे हैं। उधर भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने के इरादे से तैयारियों में जुटी है। ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ मंत्र को साकार रूप देने के लिए हर बूथ को अधिक मजबूत करने के लिए प्रदेश स्तर पर प्रवास कार्यक्रम तय किए गए हैं।

प्रदेश की राजनीति में इन दोनों अभियानों का जबरदस्त बोलबाला रहने वाला है। विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की जनता कांग्रेस और भाजपा के इन अभियानों को अपनी कसौटी पर परखने का काम कर रही है। हरियाणा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी उदयभान, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने करीब एक सप्ताह पहले ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान की शुरुआत की थी।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि कांग्रेस के हरियाणा मांगे हिसाब अभियान से भाजपा परेशानी में है। क्योंकि भाजपा ने काम कराए ही नहीं, इसलिए कोई जवाब नहीं है। इतना ही नहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महेंद्रगढ़ की सेंट्रल यूनिवर्सिटी के मंच से कांग्रेस से हिसाब मांगा था। केंद्रीय मंत्री को यह पता करना चाहिए था कि यह यूनिवर्सिटी किसके कार्यकाल में बनी, किसने नींव रखी थी।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा निकालेंगे रथयात्रा

अभियान के तहत दीपेंद्र पूरे प्रदेश में पदयात्राएं निकाल रहे हैं और लोगों के साथ संवाद कर रहे हैं। 20 अगस्त के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूरे राज्य में रथयात्रा निकालेंगे। पदयात्रा के दौरान दीपेंद्र एक दिन में दो विधानसभा क्षेत्र कवर कर रहे हैं। उनकी सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा करने की योजना है।

सीएम सिटी करनाल, यमुनानगर, अंबाला शहर, राई, पानीपत ग्रामीण, जुलाना और सोनीपत शहर में दीपेंद्र हुड्डा की पदयात्राएं हो चुकी हैं। 21 जुलाई तक उन्हें बरौदा, हांसी, नारनौंद, जींद, बावल और बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्रों को कवर करना है।

10 साल में किए गए कार्यों का हिसाब

दीपेंद्र हुड्डा के ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान से भाजपा में बेचैनी का आलम है। इस अभियान के तहत कांग्रेस नेताओं की ओर से सत्तारूढ़ भाजपा से उसके 10 साल में किए गए कार्यों का हिसाब मांगा जा रहा है और साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के 10 साल के कार्यकाल में संचालित अहम परियोजनाओं तथा प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी दी जा रही है।

अमित शाह ने हुड्डा को दी चुनौती

कांग्रेस के ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान का इतना असर हुआ कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को महेंद्रगढ़ में हुए ओबीसी सम्मेलन के मंच से इसका जिक्र करना पड़ा। अमित शाह अपने साथ ना केवल केंद्र व राज्य की डबल इंजन की सरकार में राज्य पर खर्च हुई राशि का पूरा हिसाब-किताब लेकर आए थे, उन्होंने हुड्डा को भी अपने कार्यकाल का हिसाब देने की चुनौती दे डाली।

‘लोग पूछ रहे सोनीपत में मेट्रो क्यों नहीं आई’

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि एनसीआर के सभी जिलों व शहरों में मेट्रो की सुविधा है। सोनीपत के लोग पूछ रहे हैं कि भाजपा शासन के 10 साल से सोनीपत में मेट्रो क्यों नहीं पहुंची। अब भाजपा सरकार से जनता हिसाब मांग रही कि मेट्रो क्यों नहीं आई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हुड्डा सरकार ने जिस सोनीपत में पांच सरकारी विश्वविद्यालय खोलकर देश के शिक्षा का केंद्र बनाया उसे भाजपा ने बेरोजगारी, अपराध व नशे का हब बना दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा से जवाब मिलने तक सोनीपत की जनता सवाल पूछती रहेगी। दीपेंद्र हुड्डा ने बृहस्पतिवार शाम को ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ पदयात्रा पदयात्रा के तहत सोनीपत में सेक्टर-14 मार्केट से सुभाष चौक तक पदयात्रा की। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।

इससे पहले दीपेंद्र ने कहा कि जब से ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ की चार्जशीट जारी हुई है, इससे पूरी भाजपा सरकार तिलमिलाई हुई है। उनको जनता के सवालों का जवाब नहीं मिल रहा है। प्रदेश में डैमेज कंट्रोल करने के लिए केंद्रीय नेताओं को बुलाया जा रहा है।

हुड्डा दे जवाब अभियान शुरू

हिसाब-किताब पर तनातनी केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा ओबीसी सम्मेलन में कांग्रेस के विरुद्ध एक लाइन सेट कर देने के बाद भाजपा ने ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ के जवाब में ‘हुड्डा दें जवाब’ अभियान आरंभ कर दिया है। इसकी शुरुआत पिंजौर की सब्जी व फल मंडी की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हुड्डा से 11 सवाल पूछकर की है।

हुड्डा ने कहा कि विकास मतलब शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, नौकरियां व निवेश है। भाजपा ने 10 साल के कार्यकाल में कोई कदम नहीं उठाया। उल्टा महम में मंजूर हवाई अड्डा व सोनीपत में मंजूर रेल कोच फैक्टरी यूपी भेज दी। कोई मेडिकल कॉलेज नहीं बनाया। जबकि कांग्रेस ने एक मेडिकल कॉलेज व 12 विवि बनाए थे। रोहतक में गांधी कैंप के बीचोंबीच से रेलवे लाइन को कांग्रेस बाहर लेकर जाना चाहती थी, लेकिन भाजपा ने बाहर नहीं जाने दिया। अगर लाइन बाहर चली जाती तो शहर का नक्शा बदल जाता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में मानेसर, फरीदाबाद व रोहतक में आईएमटी बनाई, जिससे नए-नए उद्योग लगे। मानसेर में जापान ने 70 प्रतिशत निवेश किया था।

अग्निवीर योजना युवाओं के साथ धोखा, 2026 में नहीं रहेगी भाजपा

एक सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं के साथ भद्दा मजाक है। भाजपा सरकार युवाओं को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कह रही है। इसे 2026 में लागू करेगी, लेकिन जब तक प्रदेश में भाजपा सरकार नहीं रहेगी। पूर्व मुख्यमंत्री का कहना है कि उन्होंने 26 सैन्य अधिकारियों से बात की है। हर किसी का कहना है कि अग्निवीर योजना सेना के हित में भी नहीं है।

नायब सैनी ने पूर्व सीएम के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उनसे पूछा है कि कांग्रेस ने अपने 10 साल के राज में कौन-कौन से अहम काम किए हैं। भाजपा अपने इस अभियान को पूरे राज्य में लेकर जाने वाली है।

ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों राजनीतिक दलों में अपनी-अपनी सरकारों के 10-10 सालों के कार्यकाल के हिसाब-किताब को लेकर जबरदस्त भिड़ंत होनी तय है।

तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी में जुटी भाजपा

हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया प्रवास कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार करेंगे, साथ ही विधानसभा चुनाव को जीतने का मंत्र कार्यकर्ताओं को देंगे।

ये है पूरा शेड्यूल

हरियाणा भाजपा के मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने 19 जुलाई से 24 जुलाई तक होने वाले प्रदेश प्रभारी के प्रवास कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।

इसी क्रम में आज पूनिया ने 10 से 12 बजे तक सोनीपत में प्रमुख कार्यकर्ताओं की साथ बैठक की। उन्होंने सोनीपत में ही दोपहर दो बजे युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भाग लिया।

अरविंद सैनी ने बताया कि 20 जुलाई को रोहतक प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में डॉ. पूनिया प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे और तीन बजे मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों से विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे।

24 जुलाई को कुरुक्षेत्र और करनाल में करेंगे बैठकें

21 जुलाई को नूंह में 12 बजे जिला कार्यकारिणी और दो बजे प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। डॉ. पूनिया 23 जुलाई को पंचकूला में 10 बजे और अंबाला में दो बजे प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। 24 जुलाई को कुरुक्षेत्र और करनाल में प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठकें होंगी। 

डॉ. पूनिया कुरुक्षेत्र में 10 बजे और करनाल में दोपहर दो बजे बैठकों में शामिल होंगे। 19 से 24 जुलाई तक होने वाली बैठकों और कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, चुनाव लड़े प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मीडिया, सोशल मीडिया इंचार्ज, मेयर, जिला परिषद चेयरमैन, नगरपरिषद और ब्लाक समिति के चेयरमैन भी उपस्थित रहेंगे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!