’मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में मोहन लाल बड़ौली ने संभाला प्रदेश अध्यक्ष का पदभार’

’कांग्रेस शासन में ट्रांसफर और सरकारी नौकरी लेने-देने से ही मिलती थी : नायब सैनी’

’डबल इंजन की सरकार ने आम आदमी के जीवन को बनाया सरल :  मुख्यमंत्री नायब सिंह’

मैने साधारण कार्यकर्ता से तय किया प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर : बड़ौली

मंगलसेन की मूर्ति पर माल्यार्पण कर लिया पार्टी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प

रोहतक, 14 जुलाई। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने रविवार को पार्टी कार्यालय मंगल कमल में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें पद ग्रहण कराया। श्री बड़ौली के पदभार ग्रहण समारोह में कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जयश्रीराम, भाजपा जिंदाबाद, मोदी-नायब, बडौली जिंदाबाद के नारे लगाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदग्रहण करने पर श्री बड़ौली ने भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। बड़ौली के पदभार ग्रहण समारोह में ही कांग्रेस और जजपा के अनेक नेताओं ने भाजपा का दामन थामा। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सरकार की उपलब्धियां गिनवाई। श्री सैनी ने कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में ‘‘तीन बी’’ बदली, भर्ती व भ्रष्टाचार का बोलबाला था। बिना पैसे दिए ना बदली होती थी, ना भर्ती होती और भ्रष्टाचार से लोग परेशान हो चुके थे। श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस के तीन ’बी’’ भाजपा ने मुक्ति दिलाने का काम इन 10 सालों में किया है। नए प्रदेश अध्यक्ष बनने पर मुख्यमंत्री ने श्री बड़ौली को भी बधाई दी और कार्यकर्ताओं से तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं ने मंगलसेन की मूर्ति पर माल्यार्पण कर पार्टी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा है कि डबल इंजन की सरकार विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू करके आम आदमी के जीवन को सरल बनाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री रविवार को स्थानीय मंगल कमल कार्यालय में पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली को पदभार संभालवाने के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने समाज के हर वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर लागू किया है। सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार करने में जुटी हुई है। अंत्योदय की भावना से लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने 10 वर्षों में जनकल्याण व विकास के इतने कार्य करके दिखाए हैं, जितने की पिछली सरकारों के 60 वर्षों के कार्यकाल में भी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी से हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 10 वर्षों तक शासन किया, लेकिन 24 घंटे बिजली देने का वायदा पूरा नहीं कर पाए। 24 घंटे बिजली देने का कार्य डबल इंजन की सरकार ने किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस से यह भी सवाल पूछ रही है कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में कितनी फोर लेन सड़कें बनाई गई, जबकि दूसरी ओर भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा के हर एक जिले में फॉर लाइनिंग सडक़ों का निर्माण करवाया। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने हर घर में नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया है, जबकि वर्ष 2014 से पहले माता व बहनों को पानी लेने के लिए दो-दो किलोमीटर तक जाना पड़ता था। उज्ज्वला योजना के तहत 12 लाख परिवारों को गैस सिलेंडर डबल इंजन की सरकार ने उपलब्ध करवाए हैं, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में सिलेंडर लेने के लिए तीन-तीन दिनों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता था।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में तीन ’’बी’’ पूरी तरह से हावी थे यानी बदली, भर्ती व भ्रष्टाचार। उन्होंने कहा कि बिना पैसे लिए दिए ना तो ट्रांसफर होती थी और ना ही किसी को सरकारी नौकरी मिलती थी। उन्होंने बताया कि मौजूदा भाजपा की सरकार ने प्रदेश में बिना पर्ची-बिना खर्चे के एक लाख 32 हजार नौकरियां प्रदान की है। हर 20 किलोमीटर के दायरे में राजकीय महाविद्यालय खोले गए हैं, ताकि बेटियां उच्च शिक्षा ग्रहण कर सके। इसी प्रकार से जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपए से कम है उन सब परिवारों की बेटियों की पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को मौजूदा डबल इंजन की सरकार ने ही 100 गज के प्लाटों का न केवल कब्जा दिलवाया है बल्कि उनके कागजात भी उपलब्ध करवाए है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक ही आवाज बुलंद हो रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में तीसरी बार सरकार बन रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव, बूथ-बूथ व वार्ड-वार्ड में पहुंचकर आगामी चुनाव में कमल खिलाने का कार्य करें। उन्होंने महेंद्रगढ़ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय बी.सी. सम्मान सम्मेलन में भी भाग लेने का लोगों से आह्वान किया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि बडोली के नेतृत्व में संगठन और तेज गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मोहनलाल बडोली साधारण कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद तक पहुंचे हैं।

प्रदेश में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार :  मोहन लाल बडोली

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कहा की मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते हुए उन्हें पूरा मान-सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भी विशुद्ध रूप से कार्यकर्ताओं को सम्मान देने वाली भाजपा की सरकार प्रदेश में तीसरी बार बनेगी। श्री बड़ौली ने कहा कि उन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपने सफऱ की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि उन्हें दिवंगत मंगल सेन के नेतृत्व में काम करने का भी सौभाग्य प्राप्त है। मुख्यमंत्री नायब सिंह की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने आवास पर रात के दो-दो बजे तक आमजन की समस्याओं को सुनते हैं और उनका निपटारा करते हैं। मोहनलाल बडोली ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में नायब सिंह के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

अनुसूचित जाति के हित पूरी तरह सुरक्षित

मंत्री बिशम्बर सिंह तथा राज्यसभा सांसद कृष्ण पवार ने कहा कि भाजपा की सरकार में अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के लोगों के हित पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेताओं ने अनुसूचित जाति के लोगों को झूठी बातों के आधार पर बरगलाने का काम किया। झूठा प्रचार किया गया कि संविधान और आरक्षण समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वास्तविकता तो यह है कि संविधान में अब तक 126 बार संशोधन हुआ है, जिसमें से 100 से ज्यादा बार कांग्रेस ने संशोधन किया है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के पत्र से यह स्पष्ट हो चुका है कि कांग्रेस नहीं चाहती थी अनुसूचित जाति के लोगों को आरक्षण मिले।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामविलास शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव पूर्व सांसद डॉ अरविंद शर्मा डॉ अशोक तंवर, पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, प्रदेश महामंत्री डॉ अर्चना गुप्ता प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, प्रदेश सचिव कैप्टेन भूपेंद्र सिंह रेनू डाबला जिला परिषद अध्यक्ष मंजू हुड्डा, धर्मवीर मिर्जापुर प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक झज्जर जिला के अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा रोहतक के अध्यक्ष एडवोकेट रणबीर ढाका जिला मीडिया प्रभारी तरुण सनी शर्मा व नवीन राठी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कांग्रेस व जजपा के नेताओं ने थामा भाजपा दामन

मोहन लाल बड़ौली के पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस व जजपा के नेताओं ने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली की उपस्थिति में भाजपा का दामन थामा। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा में शामिल होने वाले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य, अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और यूथ कांग्रेस में रह चुके राजकुमार कटारिया, पूर्व जिला पार्षद गंगा सिंह व पूर्व जिला पार्षद मीनू शर्मा, तथा परविन्द्र लाठर को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। राज कुमार कटारिया बड़े व्यापारी भी हैं, उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीएम सैनी समाज और प्रदेश हित में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता आज मुख्यमंत्री नायब सैनी के कामों से खुश हैं। श्री कटारिया और गंगा सिंह, पूर्व जिला पार्षद मीनू शर्मा तथा परविन्द्र लाठ ने मुख्यमंत्री सैनी का आभार जताया और विश्वास दिलाया कि वे पार्टी और संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

Previous post

युवाओं को कुरीतियों से बचाने और सभ्य समाज के निर्माण की दिशा में महत्त्वपूर्ण कार्य कर रहा गुरुकुल का वेद प्रचार विभाग : आचार्य देवव्रत

Next post

इकबाल सिंह ने आध्यात्मिक विचारों से प्रेरित सात्विक व सादगीपूर्ण जीवन जीया : औम प्रकाश धनखड़

You May Have Missed

error: Content is protected !!