सत्ता में आकर हरियाणा को लूटने का सपना देखना छोड़ दे कांग्रेस, हम ऐसा नहीं होने देंगे, तीसरी बार भाजपा सरकार आ रही हैः धर्मेंद्र प्रधान

कांग्रेस बहरूपिया है, कांग्रेस शासनकाल में दलित, किसानों पर हुए अत्याचारों को प्रदेश की जनता भूली नहींः धर्मेंद्र प्रधान

बिप्लब देब, मनोहर लाल, नायब का भी दावा- कांग्रेस के झूठ का नकाब उतार फैंकेंगे कार्यकर्ता

चंडीगढ़, 23 जून। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनाव प्रभारियों एवं विजेता नेताओं के नागरिक अभिनंदन समारोह से विधानसभा चुनाव में विजय के लिए आगाज कर दिया है। कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री और हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, चुनाव सह प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिपल्ब कुमार देब और मनोहर लाल ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला।

रोहतक में नागरिक अभिनंदन में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हरियाणा में 19 हजार 812 बूथ हैं, 7212 गांव हैं और 22 जिले हैं, लेकिन विधानसभ चुनाव के लिए हमारे पास सिर्फ 100 दिन हैं। कांग्रेस ध्यान रखे कि अब तो 20-20 का जमाना है। प्रधान ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाकर प्रदेश को फिर से लूटने का मुगालता छोड़ दे, क्योंकि हरियाणा में भाजपा तीसरी बार जनता की सेवा करने के लिए सरकार बनाने जा रही है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जनता कांग्रेस के षडयंत्र को समझे, कांग्रेस बहरूपिया है। कांग्रेस के शासनकाल के दौरान हरियाणा में दलित परिवारों, किसानों, वंचितों और अंबेडकर के संविधान के साथ हुए अत्याचारों को प्रदेश की जनता भूली नहीं हैं।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यहां से संकल्प लेकर जाना है कि जब तक हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं बनेगी, तब तक रुकेंगे नहीं। धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कोई भी कठिन काम तभी पूरा कर पाते हैं, जब सैनिक का मन खुश होता, सैनिक अपने सेनापति पर भरोसा करता हो, और आपके सेनापति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि देश में कठिन से कठिन काम को हमने जीता है, देश की जनता ने आज भी हम पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की प्रगति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं। उन्होंने कहा कि तीन साल के अंदर 2027 तक भारत दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेंगा और इस अर्थव्यवस्था में हरियाणा के छोरों और छोरियों को बड़ा हिस्सा मिलेगा।  केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की लूट खसोट, दलित विरोधी और परिवारवाद का शासन नहीं आने देंगे।  इसलिए सभी भाजपा के कार्यकर्ता आज से ही जुट जाएं और हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएं।

केंद्र में हरियाणा को बड़ी जिम्मेदारी

केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि महाभारत की इस इतिहास रचने वाली भूमि ने हमें जो स्नेह दिया उसके हम सदा आभारी रहेंगे। आप ही के समर्थन से पिछले 10 साल से गरीबों, किसानों की सरकार बनी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हरियाणा का मान ऊपर रखा और अब हरियाणा के सपूतों को बड़ी जिम्मेदारी है। विधानसभा चुनाव के लिए हम सभी को कमर कसनी पड़ेगी, क्योंकि भाजपा की सरकार हरियाणा में तीसरी बार बनानी है। यह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से ही संभव होगा।

केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हम लूट खसोट की राजनीति नहीं करते। हम सर्व समाज और सर्व समावेशी सरकार चलाने के मंत्र से चलते हैं। धर्मेंद्र ने कहा कि बाबा साहेब को नरेंद्र मोदी ने ही सम्मान दिया। ओबीसी को संवैधानिक मान्यता मोदी ने दी, गरीबों को आरक्षण मोदी ने दिया। जब तक मोदी है तब तक आरक्षण को कोई आंख उठाकर भी नहीं देख सकता।

हरियाणा में बाप-बेटे की सरकार नहीं बनेगी, सरकार गरीब-किसान की बनेगीः बिपल्ब कुमार देब

हरियाणा भाजपा चुनाव सह प्रभारी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिपल्ब कुमार देब ने जय जगन्नाथ और जय श्रीराम से भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि चार माह से कांग्रेस यह बात फैला रही है कि हरियाणा में सरकार बदलेगी, लेकिन भाजपा और प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है कि हरियाणा में कोई बाप-बेटे की सरकार नहीं बनेगी, सरकार बनेगी तो गरीब-किसान की सरकार बनेगी। बिप्लब ने कहा कि बाप-बेटा सत्ता में आने की जो आस लगाए बैठे हैं उन्हें कह देना चाहते हैं कि हम मनोहर लाल के रूप में करंट मंत्री अपने साथ लेकर आए हैं। मनोहर लाल के पास बिजली के अलावा शहरी विकास मंत्रालय भी है और वे हरियाणा को सजाने में कोई कसर नहीं छोडेगें।बिप्लब ने भूपेंद्र और दीपेंद्र को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चार महीने में हरियाणा में नहीं आया तो बाप बेटे को लगा कि हम चले गए हैं, लेकिन हम फिर आ गए नए जोश के साथ। भाजपा किसी एक परिवार के साथ नहीं चलने वाली, हम किसान मजदूर के साथ चलने वाले लोग हैं। चुनाव सह प्रभारी बिपल्ब कुमार देब ने कहा कि हम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सहित सभी विरोधी पर्टियों को उखाड़कर फेंक देंगे। तीसरी बार भी हरियाणा में भाजपा की सरकार होगी। देब ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा लोगों को बहकाने लगे हैं कि हरियाणा को चमकाएंगे, लेकिन 10 साल जनता ने हरियाणा में कांग्रेस की जब सरकार बनाई थी तो आपने क्या किया? अपने शासनकाल को खंगालकर देखें तो पता चलेगा कि उस समय हरियाणा में जंगल राज था। बिप्लब ने कहा कि आज भाजपा की सरकार जनता और किसानों की सरकार है। गरीब, मजदूरों, किसानों, युवाओं का राज है। हम कोई परिवार के लिए काम नहीं करते, हम जनता के लिए किसानों नौजवानों के लिए काम करते हैं।

केंद्रीय बिजली एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने हथकंडे फैलाए, कुछ लोग उनकी बातों में फंस गए। अब विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ऐसे हथकंडे अपनाएगी। कुछ नई झूठी बातें भी लेकर वे आ सकते हैं, लेकिन आपको उनकी बातों से सावधान रहना है। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं लेने दिया गया, कांग्रेस में भ्रष्टाचार था, धींगा मस्ती चलती थी। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता का काम आज नहीं तो कल हो ही जाएगा, लेकिन अगर कांग्रेस आती है तो वही धींगा मस्ती, भाई भतीजाववाद, भ्रष्टाचार और अपनों को रेवड़ी बांटने वाली सरकार बनाएगी। इनसे सावधान रहें। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार को 10 साल होने जा रहे हैं, हमने जनता को सहुलियत पहुंचाने के लिए टेक्नॉलॉजी का इस्तेमाल किया।

पसीना बहाकर बनाएंगे सरकारः कृष्णपाल गुर्जर

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। जैसे हमने अपना पसीना केंद्र में भाजपा सरकार बनाने के लिए बहाया, ऐसे ही अगले तीन महीने पूरा पसीना बहाकर हरियाणा में भाजपा की सरकार बनानी है। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि ये संकल्प हमें यहां से लेकर जाना है और हर कार्यकर्ता सरकार बनाने में जुट जाएं।

मंच पर ये भी रहे मौजूद

राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेशाअध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ सुधा यादव, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, सांसद धर्मवीर सिंह, सांसद नवीन जिंदल,हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, वित्त मंत्री जेपी दलाल, जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल, शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री कंवरपाल गुर्जर, बिजली मंत्री रणजीत चौटाला, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री मूलचंद शर्मा, सिंचाई मंत्री अभय सिंह यादव, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुधा, पर्यावरण व खेल मंत्री संजय सिंह, सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, सुभाष बराला, कार्तिकेय शर्मा, कृष्णलाल पंवार, पूर्व गृह मंत्री अनिल विज, पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, कविता जैन, कृष्ण बेदी, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, पूर्व मंत्री विपुल गोयल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, भाजपा के वरिष्ठ नेता रामबिलास शर्मा, संजय भाटिया, विधायक किरण चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री मोहन बड़ौली, भाजपा प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, सुरेन्द्र पुनिया, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सुमन, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, अजय बंसल, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, अर्चना गुप्ता, राजकुमार कपूर, तरूण सन्नी शर्मा सहित अन्य पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!