फरीदाबाद में पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं को दिए बूथ जीतने के टिप्स  – प्रदेश की 10 लोकसभा सीटें भारी अंतर से जीतेगी भाजपा 

गुरुग्राम। भाजपा हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं फरीदाबाद लोकसभा के प्रभारी जीएल शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के पूर्व सीएम एवं हम सबके मार्गदर्शक मनोहर लाल के आह्वान पर प्रदेश की जनता 11 कमल खिलाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 10 की 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार भारी अंतर से जीत हासिल करेंगे। करनाल में प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री नायब सैनी प्रचंड जीत हासिल करेंगे। इस तरह प्रदेश में 11 कमल खिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सभी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक मनोहर लाल ने फरीदाबाद  कार्यालय अटल कमल में बुधवार को चुनाव संचालन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ जीतने के टिप्स दिए हैं। जीएल शर्मा ने कहा कि पूर्व सीएम ने साफ तौर पर कार्यकर्ताओं को यह संदेश दे दिया है कि हर बूथ पर बड़ी जीत हासिल करना कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए। इसी लक्ष्य को लेकर पार्टी के प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को मेहनत करनी है। एक-एक मतदाता तक केंद्र की मोदी और प्रदेश की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करना है।जीएल ने कहा कि भाजपा देश-प्रदेश में दस साल के अभूतपूर्व विकास पर जनता के बीच है। हरियाणा की जनता ने यह तय कर लिया है कि तीसरी बार केंद्र में विकास पुरुष नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में ही सरकार बनानी है। हरियाणा विकसित भारत की नींव मजबूत करने के लिए 10 की 10 सीटें मोदी की झोली में डालेगा और निश्चित ही विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। 

पूर्व सीएम ने तैयारियों पर लिया फीडबैक  

 पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से की गई तैयारियों का फीडबैक लिया। उन्होंने चुनाव समितियां और कोर कमेटियों के गठन तथा कमेटी सदस्यों से तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली। करीब ढाई घंटे तक उन्होंने चुनावी तैयारियों को परखा और कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। साथ ही उन्होंने कुछ कमियों को और अधिक पुख्ता करने के निर्देश भी कार्यकर्ताओं को दिए। जीएल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने तैयारियों पर संतुष्टि जताई है और पत्रकारों से बात में कहा कि फरीदाबाद लोकसभा में तमाम व्यवस्था पुख्ता हो चुकी हैं। 

मोदी-मनोहर की उम्मीद पर खरा उतरेगा हरियाणा 

जीएल ने कहा कि पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं को बड़ी जीत का लक्ष्य दिया है। उन्होंने बाद में पत्रकारों से बात करते हुए भी कहा कि  जीत जीत होती है, लेकिन फिर भी हम चाहते हैं कि हर बूथ लेवल पर पहले से ज्यादा मार्जिन हासिल किया जाए। हर बूथ को जीतना हमारा मुख्य लक्ष्य है। क्योंकि बूथ जीता तो समझो चुनाव जीता। कार्यकर्ताओं को इसी मंत्र पर अपना लक्ष्य निर्धारित करना है।