चंडीगढ़,सफीदो। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की सदस्य, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि महिलाओं का सम्मान ही देश व समाज का असली सम्मान है। जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वह समाज आगे बढ़ता है। आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। कुमारी सैलजा महिला दिवस पर  आयोजित आभार समर्पण के कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रुप में संबोधित कर रही थी। उन्होंने यहां लगभग 200 महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में नाम चमकाने के लिए सम्मानित किया।

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज देश की आधी आबादी महिलाओं की है। यदि महिला शिक्षित होगी तो वह दो परिवारों की जिंदगी सुधारेगी। आज बहुत से लोग हैं, जो अपनी तरक्की के पीछे महिलाओं का हाथ बताते हैं। वह पत्नी के रुप में, बहन के रुप में तथा माता के रुप में हर कामयाब आदमी के पीछे होती है। अब महिलाएं भी विकास और तरक्की का माध्यम बन रही हैं। देश की पहली महिला शिक्षिका ज्योतिबाई फुले ने विपरीत परिस्थितियों में देश का नाम रोशन किया है। कुमारी सैलजा ने कहा कि आज महिलाएं गर्व के साथ आगे बढ़ रही हैं। समाज सेवा का क्षेत्र हो, नौकरी का क्षेत्र हो या फिर खुद का रोजगार का मामला हो, महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक बलवान दौलतपुरिया, पूर्व सांसद चरण सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक राजरानी पूनम, पूर्व विधायक रिशाल सिंह, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन राकेश जैन, मेजर राजेंद्रपाल, ईश्वर कौशिक, डॉ. सत्यवान सैन, रिंकू मलिक, चंदन सिंह, नरेश बराड़, ऊषा बराड़, मैनपाल मुआना, श्यामलाल स्वामी, राजेंद्र नंबरदार, धर्मबीर सर्राफ, श्यामलाल स्वामी, राजेश चाढ़ीवाल भी मौजूद रहे।

महिलाओं को नौकरी में मिले विशेष आरक्षण

कुमारी सैलजा ने कहा कि महिलाएं कमजोर इसलिए रह गई हैं क्योंकि उन्हें मौका नहीं मिला। महिलाओं के उत्थान के लिए उनको नौकरी में विशेष आरक्षण मिलना चाहिए। जब कहा जाता है कि महिला को देवी माना जाता है और देवी की पूजा होती है। सैलजा ने कहा कि उन्हें पूजा की जरूरत नहीं, केवल सम्मान की ही जरूरत है।

घर में भी, परिवार में भी संघर्ष कर रही महिलाएं

कुमारी सैलजा ने कहा कि जब-जब महिलाओं को, बहनों को मौका मिलता है, चाहे कोई भी अवसर हो जैसे खेल का, हमारी बहनों ने हमारा नाम रोशन किया है। खासकर हरियाणा की बेटियों ने खेलों में हरियाणा का नाम रोशन किया है। यदि हम अपनी बहनों, बेटियों को मौका दें तो वह हर क्षेत्र में आगे बढ़ती हैं। प्रतिभा में कोई कमी नहीं है, मौका देने में कमी हो सकती है।

हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने में दिया सहयोग

कार्यक्रम में सहयोगी बालाजी अस्पताल के संचालक डॉ. देवेंद्र सहरावत ने कहा कि वह हमेशा ही महिलाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करते रहे हैं। पिल्लूखेड़ा तथा सफीदों में समाजसेवी के लिए वह हमेशा तैयार रहते हैं। यदि महिलाएं आगे बढ़ेगी तो पुरुषों का भी नाम होगा। इसलिए हमें अपनी बेटियों को शिक्षित करने की जरूरत है, उनको मौका देने की जरूरत है, वह आगे अपने आप बढ़ जाएंगी।