भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी और चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक सुभाष बराला ने पदाधिकारियों से की विस्तार से चर्चा

5 को विधानसभा स्तर पर भी होगी नारी शक्ति वंदन मैराथन

6 मार्च को विधानसभाओं में एलईडी लगाकर सुना जाएगा मोदी का उद्बोधन

चंडीगढ़,   4 मार्च। लोकसभा चुनाव के निमित्त भारतीय जनता पार्टी अपने आगामी कार्यक्रमों के मेगा प्लान के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक सुभाष बराला ने रोहतक के एक होटल में चुनाव प्रबंधन समिति के सभी  पदाधिकारियों के सामने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा रखी।  प्रदेश की सभी दसों लोकसभा सीटों को भारी बहुमत से जीतने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने इस बैठक में बताया कि किस तरह से ऐतिहासिक जीत के लिए आगे बढ़ना है।  प्रबंधन समिति के संयोजक सुभाष बराला ने आगामी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी रखी। प्रबंधन समिति के सह संयोजक असीम गोयल ने संकल्प पत्र के लिए सुझाव एकत्रित करने के विषय को सबके सामने रखा।  सुझावों का संग्रह करने के लिए हर लोकसभा में दो वैन घूमेंगी और वीडियो वैन पर क्यूआर कोड को स्कैन कर लोग अपने सुझाव दे सकेंगे। इस वैन में रखी सुझाव पेटी में भी लोग अपने सुझाव लिखकर दे सकते हैं। सुझाव लेने का काम 15 मार्च तक पूरा करना है।

जहां युवा मोर्चा को नव मतदाताओं सम्मेलन करने के लिए कहा गया है, वहीं महिला मोर्चा को जिला स्तर और विधानसभा स्तर पर नारी शक्ति वंदन मैराथन करने के लिए बोला गया है। महिला मोर्चा ने सोमवार को सभी जिलों में नारी शक्ति वंदन मैराथन का आयोजन किया भी। मंगलवार को भी विधानसभा स्तर पर नारी शक्ति वंदन मैराथन आयोजित होगी। जिसमें साइकिल, पैदल और स्कूटी से भी महिलाओं के द्वारा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री 6 मार्च को कोलकाता से नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत अपना संबोधन रखेंगे, उसे हरियाणा में सभी विधानसभाओं में सुनने के लिए भी भाजपा ने एलईडी लगाने का प्रबंध किया जाएगा। भाजपा का अनुमान है कि प्रदेश की लाखों महिलाएं विधानसभा स्तर पर एकत्रित होकर प्रधानमंत्री जी को सुनेंगी।

एससी मोर्चा को समाज के प्रतिभावान लोगों के सम्मान कार्यक्रम आयोजित करने का काम दिया गया है। इसी तरह ओबीसी मोर्चा, किसान मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा को भी समाज के विभिन्न वर्गों और बस्तियों में जाकर लोगों से संपर्क के विभिन्न कार्यक्रम करने का काम सौंपा गया है ताकि मोदी और मनोहर सरकार द्वारा लागू कल्याणकारी योजनाओं को हरेक व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।

प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने बताया कि 6 मार्च को करनाल में सुबह साढ़े नौ बजे नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर मौजूद रहेंगे। करनाल के  नौ विधानसभा की हजारों महिलाएं यहां पहुंचेंगी। साढ़े 11 बजे कोलकाता से प्रधानमंत्री अपना संबोधन रखेंगे, जिसे करनाल में एक स्थान पर उपस्थित होकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में हजारों महिलाएं मोदी जी को सुनेंगी, जबकि हरियाणा के 81 विधानसभाओं की लाखों महिलाएं एलईडी स्क्रीन पर मोदी जी को सुनेंगी।

नायब सैनी ने कहा कि भाजपा का हरेक कार्यकर्ता मोदी जी के लिए ज्यादा से ज्यादा वोट कराने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के दम पर हर बूथ को जीतेंगे। चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक सुभाष बराला ने कहा कि हर कार्यकर्ता आपस में समन्वय करके अपने दायित्व को निभा रहा है। उन्होंने कहा कि  एक एक कार्यकर्ता उत्साह से भरा है। बैठक में क्लस्टर प्रभारी कृष्ण लाल पंवार, मनीष ग्रोवर, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता आदि नेता मंच पर मौजूद रहे।

error: Content is protected !!