प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था पर हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने जताया आक्रोश

प्रदेश में कानून व्यवस्था का निकला दीवाला, अपराधियों के हौसले हुए बुलंद : लाल बहादुर खोवाल

भाजपा-जजपा की नाकामी से प्रदेश में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद : लाल बहादुर खोवाल

हिसार : हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और लचर कानून व्यवस्था पर कड़ा आक्रोश जताया है। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ढुलमुल व लीपापोती की राजनीति के चलते असामाजिक तत्वों व आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों के हौसले बुलंद हैं। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर की गई हत्या इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। भाजपा-जजपा सरकार इस मामले को जैसे-तैसे निपटाने में लगी हुई है।

एडवोकेट खोवाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश में सुशासन कायम करने का दावा करती है जबकि असलियत यह है कि सुशासन के नाम पर कानून व्यवस्था का दीवाला पिट चुका है। बहनें-बेटियां अपने आप को असुरक्षित महसूस करती हैं। लूटपाट, फिरौती, मारपीट व हत्या की बढ़ती घटनाओं के चलते प्रदेशभर में अराजकता का माहौल है। सरकार इन अपराधियों पर लगाम लगाने की अपेक्षा किसानों को धरने व प्रदर्शन से रोकने में पूरी ताकत लगा रही है। उन्होंने कहा कि जनता को भयमुक्त और सुरक्षित माहौल प्रदान करना सरकार, ,प्रशासन व पुलिस का प्रमुख दायित्व है। सरकार स्वयं तो इस दिशा में कोई भी सख्त कदम उठा नहीं रही, इसके साथ-साथ प्रशासन व पुलिस तंत्र को भी अनावश्यक कार्यों में उलझा रखा है।

खोवाल ने कहा कि गरीब, मजदूर, व्यापारी, नौकरीपेशा व पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों को प्रताड़ित करने में भाजपा-जजपा ने पूरी ऊर्जा लगा रखी है। किसानों को दिल्ली जाने से रोकने और धरने व प्रदर्शन के अधिकार से वंचित करने के लिए सरकार ने पूरी व्यवस्था झोंक दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सुशासन देने के बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई थी लेकिन अब जनता को सच्चाई पता चल चुकी है। भाजपा-जजपा को आने वाले लोकसभा चुनाव और हरियाणा विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

You May Have Missed

error: Content is protected !!