हर दीवार करे पुकार-एक बार फिर मोदी सरकार

मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष जीत को एतिहासिक बनाने में जुटे

अरविंद सैनी ……..प्रदेश सह मीडिया प्रमुख, भाजपा -हरियाणा

लोकसभा के चुनाव जितने नजदीक आते जा रहे हैं, उतना ही हरियाणा मोदीमय होता जा रहा है। यहां हर दिल में नरेंद्र मोदी पहले से ही है और अब तो हर दीवार भी फिर से नरेन्द्र मोदी सरकार लाने का आह्वान करती दिखाई दे रही है। जिस तरह का रंग प्रदेश के लोगों के दिलों और उनके घर की दीवारों पर चढ़ा है, उससे यह साफ है कि हरियाणा प्रदेश की जनता यहां की दसों लोकसभा सीटें मोदीजी की झोली में डालने के लिए उत्सुक है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी सहित तमाम बड़े नेता दसों सीटें जीतने के प्रति आश्वस्त भी हैं, लेकिन भाजपा के ये नेता दसों सीटों पर जीत को दोहराने के साथ-साथ 2024 में जीत का इतिहास बनाना चाहते हैं। यानि सभी दसों सीटों पर पहले से ज्यादा वोटों से जीतने का इतिहास बनाना चाहते हैं। यही कारण है कि भाजपा एक के बाद एक कार्यक्रम तथा अभियान आयोजित कर रही है ताकि इनके माध्यम से सभी घरों में पहुंचे और उन्हें मोदी सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिला सके।

अहम बात यह है कि भाजपा से पहले सरकार में रही अन्य पार्टियों ने कभी भी अपने कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए धरातल पर नहीं उतारा। भाजपा ने ही इस संकल्प के साथ एक-एक कार्यकर्ता को गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निदान करने, योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगाया है।

भाजपा हर मौके और अवसर को जनता तक पहुंचने का माध्यम बनाती है। चाहे पार्टी का स्थापना दिवस हो या देश के किसी महापुरुष का जन्मदिन हो या फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ही जन्मदिन हो, हर ऐसे मौके पर भाजपा समाज सेवा के काम में अपने कार्यकर्ताओं को लगाती है। पिछले दिनों विकसित भारत संकल्प यात्रा से लोगों में भाजपा सरकार यह विश्वास जगाने में कामयाब रही कि मोदी सरकार और राज्य की मनोहर सरकार उनके घर तक आकर उनकी समस्या का निदान करती है और उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ भी देती है। अब गांव चलो अभियान भी इसी प्रकार का अभियान हैं, जिसमें भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को हर घर में भेज रही है। हरियाणा में 9 व 10 फरवरी को पहला चरण होगा। इस अभियान के माध्यम से भाजपा का कार्यकर्ता किसी बूथ पर जाएगा और उस बूथ क्षेत्र में 24 घंटे रहेगा। कार्यकर्ता लोगों से मिलकर भाजपा सरकार की योजनाओं, उनसे मिल रहे लाभों पर चर्चा करने के साथ साथ क्षेत्र में रहने वाले सभी वर्गों के लोगों से विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत करेंगे। प्रदेश में 19812 बूथ हैं, इन पर जाने के लिए अभी भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण चल रहा है। जिसमें बताया जा रहा है कि हर घर में पहुंचकर किस तरह उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। खास बात यह है कि इस काम में प्रदेश के भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक और पदाधिकारी भी लगेंगे।

भाजपा अपने उक्त दोनों अभियानों से हरियाणा की जनता के दिलों पर छा गई है। भगवान श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद से पूरा हरियाणा मोदी गुणगान कर रहा है। लोग यहां तक कह रहे हैं कि मोदी देवतुल्य है, जो दिन रात मेहनत करके देश को विकसित बनाने की राह पर निकल पड़े हैं।

अब जब मोदी लोगों के दिलों में हैं, तो दीवारें मोदीजी की जय-जयकार करने से अछूती क्यों रहती। इसलिए भाजपा ने पिछले दिनों दीवार लेखन शुरू किया। अब देखते ही देखते हर दीवार मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील कर रही है। भाजपा नेता और कार्यकर्ता ही नहीं, आम लोग भी अपने आस पास की खाली दीवारों पर “एक बार फिर से मोदी सरकार” स्लोगन लिखकर अपनी भावना प्रकट कर रहे हैं। यानि हर दीवार कर रही पुकार, एक बार फिर मोदी सरकार।

खैर जिस तरह की मेहनत मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के तमाम नेता और कार्यकर्ता कर रहे हैं, उससे दसों लोकसभा सीटें भाजपा पहले के मुकाबले अधिक वोटों से जीतती दिखाई दे रही है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!