— भाजपा राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने गणतंत्र दिवस पर गुरुग्राम में फहराया तिरंगा

— लोकतंत्र के महान पर्व पर नाम-अनाम बलिदानियों और वीर शहीदों को किया नमन

—  देश व प्रदेशवासियों और हरियाणा से पद्मश्री विजेताओं को दी बधाई

 चंडीगढ़ , 26 जनवरी। भाजपा राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने देश के 75 वें गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर गुरुग्राम के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कार्टरपुरी में तिरंगा फहराया और नाम-अनाम बलिदानियों व वीर शहीदों को नमन किया। श्री धनखड़ ने गणतंत्र के पावन पर्व की देश-प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें अपने अमर सेनानियों के स्मरण के साथ ही ‘‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’’ की संकल्पना की सिद्धि हेतु प्रतिबद्ध होने का अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत अपनी संस्कृति के स्वर्णिम दौर की ओर अग्रसर है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर व दिव्य काशी भव्य काशी बनने से भारत एक नए दौर में प्रवेश कर गया है।  

धनखड़ ने कहा कि भारत बेहतर अर्थ प्रबंधन से दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। अब देश की राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। दुनिया के अग्रणी देशों में नौकरियों में छंटनी का दौर चल रहा है जबकि भारत में युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। देश की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। यह बदलता हुआ और अपना पुराना गौरव हासिल करता हुआ भारत है।

धनखड़ ने कहा कि हर नाम-अनाम बलिदानी की गौरव गाथा का इतिहास पब्लिक डोमेन में आना चाहिए। आजादी के आंदोलन में तीन लाख 27 हजार वीरों ने आजादी के लिए बलिदान दिया। साढ़े 13 हजार वीरों को कोर्ट के माध्यम सें फांसी के फंदे तक पहुंचाया गया। कांग्रेस ने आजादी के बाद देश में ऐसा माहौल बनाया गया कि केवल एक ही परिवार के लोगों का गुणगान हुआ और  बाकि बलिदानियों को भूला दिया गया। मोदी के बदलते हुए भारत में ऐसा नहीं होगा। भाजपा एक-एक कार्यकर्ता आजादी के आंदोलन के दौरान शहीद हुए सभी नाम-अनाम बलिदानियों के गौरवशाली इतिहास को देशवासियों के सामने लाने में दिन-रात जुटे हुए हैं।

भाजपा राष्ट्रीय सचिव धनखड़ ने कहा कि लगभग 500 वर्ष  की प्रतीक्षा और इतना ही लंबा संघर्ष रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए हमारी कई पीढिय़ों ने किया है। हमारी पीढ़ी भाग्यशाली है कि संघर्ष की सफलता के साक्षी बनी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में अयोध्या में भव्य और दिव्य भगवान श्रीराम का मंदिर बना है। हमने धारा 370 हटाने के लिए आंदोलन किया। भाजपा की मोदी सरकार ने धारा 370 हटाई, बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी को भव्य काशी बनाया। अपने सपनों को साकार होते देखना बहुत आनंदमयी होता है। भाजपा की मोदी सरकार ने भारतवासियों के सपनों को साकार करने का काम किया है। मोदी ने भारत को बदलने और सशक्त बनाने का काम किया है।

भाजपा राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि व्यक्ति को जीवन में अपने विचारों और भावनाओं का प्रबंधन आना चाहिए। जीवन में अपने लिए नहीं, दूसरों के लिए इमोशनल होना चाहिए। धनखड़ ने कहा कि आज नैतिक मूल्यों की बदौलत ही भारत की साख दुनिया में बढ़ रही है। भारतीय नैतिक मूल्यों को स्थापित करने के लिए हमारे पूर्वजों, संतों, ऋषियों और महापुरुषों ने त्याग और बलिदान दिया है।

भाजपा राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि अमृतकाल में वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने के पीएम मोदी के सपने को साकार करने में हरियाणा का अहम योगदान होगा। देश की सुरक्षा, रक्षा, अन्न उत्पादन, औद्योगिक उत्पादन, आईटी, कौशल विकास, खेलों आदि में हरियाणा अग्रणी राज्य बना हुआ है। श्री धनखड़ ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी वर्ष 2047 तक देश को दुनिया का सिरमौर राष्ट्र बनाने का सपना देखे और इस कार्य में मोदी के साथ संकल्प लेकर जुट जाएं।  धनखड़ ने कहा कि हरियाणा में मनोहर लाल सरकार किसान हितैषी सोच के साथ कार्य कर रही है। अंत्योदय की भावना से परिवार पहचान पत्र योजना के माध्यम से गरीब कल्याण के कार्य कर रही है। धनखड़ ने कार्यक्रम में भागीदारों का उत्साह बढ़ाया और राष्ट्रीय पर्व पर गरिमामय ढंग से  कार्यक्रम करने पर आयोजकों को बधाई दी।

error: Content is protected !!