भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अंबाला के श्रीगुरू रविदास धर्म अस्थान से शुरू किया सफाई अभियान

14 जनवरी से 22 जनवरी तक पूरे प्रदेश में चलाएगा स्वच्छ तीर्थ स्वच्छता अभियान

चंडीगढ़, 14 जनवरी। भाजपा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने रविवार को ‘स्वच्छ तीर्थ स्वच्छता अभियान’ के तहत अंबाला की बराड़ा विधानसभा के गांव सिरसगढ़ से स्वच्छता अभियान की शुरूआत की। प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी सुबह ही श्री गुरु रविदास धर्म अस्थान पहुंचे और गुरु जी का आशीर्वाद लेकर साफ-सफाई की। यहां उन्होंने झाड़ू भी लगाई तथा उसे  सिर पर उठाकर बाहर भी डाला।  साफ-सफाई करने के बाद श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के साथ ही अब प्रदेश के हर मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाकर उन्हें स्वच्छ और सुंदर बनाया जायेगा। स्वच्छता अभियान में प्रदेश अध्यक्ष के साथ पूर्व विधायक राजबीर बराड़ा और बंतो कटारिया ने भी साफ-सफाइ की।

श्री सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 जनवरी मकर संक्रांति के दिन से लेकर 22 जनवरी तक सफाई अभियान चलाने का आह्वान किया है। हम सबको इस अभियान में हिस्सा लेकर अपने प्रदेश को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक व पदाधिकारी तथा भाजपा के कार्यकर्ता देश भर में चलाए जा रहे इस अभियान में भाग लेंगे और धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई करते हुए लोगों को प्रेरित भी करेंगे।

श्री सैनी ने कहा कि हमारे मंदिर हमारी आस्था के केंद्र हैं, उन्हें स्वच्छ और सुंदर रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नायब सैनी ने कहा कि 500 सालों की प्रतीक्षा के बाद भगवान श्रीराम का आगमन हो रहा है तो ऐसे में रामभक्त अपने आराध्य के अभिनंदन के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को जब भगवान श्रीराम अयोध्या में भव्य मंदिर में विराजमान होंगे तब तक पूरे देश के मंदिर और तीर्थ स्थल भी सुंदर और स्वच्छ हो जाएंगे।

श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी धर्म संस्कृति का उत्थान हुआ है। 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भव्य राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हुआ। आज दुनिया भर के देश भारत की संस्कृति और सनातन धर्म को सम्मान दे रहे हैं। श्री सैनी ने कहा कि 22 जनवरी का दिन हम सभी के लिए सौभाग्य का दिन है। इस दिन रामलला भव्य मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। पूरे विश्व में यह दिन दीपोत्सव के रूप में मनाया जायेगा। उन्होेंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि 22 जनवरी को अपने-अपने घरों में श्रीराम ज्योति अवश्य जलाएं और दीप प्रज्वलित कर दीपावली मनाएं।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष मंदीप राणा, पूर्व विधायक राजबीर बराड़ा, लोकसभा विस्तारक राममेहर कूंडू, नगरपालिका चेयरमैन रीचा पाहवा, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश बतौरा, जिला महामंत्री कृष्ण राणा, मंडल अध्यक्ष अमरनाथ, राकेश बंसल, सतीश राणा, जसपाल सिंह, पूर्व चेयरमैन लोचन शर्मा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव रमेश पाल नौहणी, सतीश महता आदि ने भी सफाई अभियान में भाग लिया।  

error: Content is protected !!