इस अभियान के तहत बांटे जाएंगे 5 लाख तिरंगे झंडे
हर राशन डिपो पर उपलब्ध होगा तिरंगा झंडा

चण्डीगढ़, 11 अगस्त – आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान के तहत 5 लाख राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) बांटे जाएंगे। यह अभियान हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा 13 से 15 अगस्त 2023 तक चलाया जाएगा।

विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान का मकसद लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना के साथ देश के उन लोगों की यात्रा को याद कराना है, जिन्होंने इस महान राष्ट्र के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान को अपार सफलता मिली थी। इस वर्ष भी लोगों को 13 से 15 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस को उसी उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) प्रदेश के गांव व शहर के हर राशन डिपो पर उपलब्ध होगा और कोई भी व्यक्ति (एफपीएस मालिक) राशन डिपो से झंडा ले सकता है जिसके लिए उसे प्रति झंडा 25 रूपये देने होंगे। उन्होंने बताया कि तिरंगा हर भारतीय का गर्व है। प्रदेश के सभी नागरिक अपने घरों पर तिरंगा लगाकर कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करें।

उन्होंने बताया कि तिरंगा भारत की आन-बान-शान है। इसलिए संयुक्त प्रयासों से हमें इस अभियान को सफल बनाना है और नागरिकों में देशप्रेम की भावना का संचार करना है। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत मनाए जाने वाले सभी कार्यक्रम उत्साह, एकता, राष्ट्रीय भावना व लोगों को साथ जोडक़र आयोजित किए जा रहे हैं। इस आयोजन से जुडऩा, इसमें बढ़-चढक़र हिस्सा लेना हम सबका कर्तव्य है।