गुरुग्राम: हरियाणा सरकार के आयुष विभाग एवं योग आयोग हरियाणा के निर्देशानुसार जिले में ‘5 मिनट योग ब्रेक’ कार्यक्रम का नियमित एवं प्रभावी आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों को मानसिक तनाव से राहत दिलाना, साथ ही उनकी कार्यक्षमता, एकाग्रता और कार्य-संतुलन को सुदृढ़ करना है।

जिला उपायुक्त श्री अजय कुमार के मार्गदर्शन तथा श्री परमजीत चहल की अध्यक्षता में लघु सचिवालय, गुरुग्राम में आयोजित समाधान शिविर के दौरान सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘5 मिनट योग ब्रेक’ के अंतर्गत सरल योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का संचालन योग सहायक श्री अजीत कुमार ने किया, जिन्होंने कार्य के बीच अल्प समय में किए जाने वाले सरल व प्रभावी योग अभ्यासों की व्यावहारिक जानकारी दी।
योग सहायक श्री अजीत कुमार ने कहा कि नियमित रूप से मात्र 5 मिनट का योग अभ्यास शरीर को ऊर्जावान रखने के साथ-साथ मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को भी प्रोत्साहित करता है। उन्होंने बताया कि कार्यालयीन कार्य के दौरान थोड़े समय का योग अभ्यास तनाव को कम कर कार्य निष्पादन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार लाता है।
इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने जानकारी दी कि ‘योग ब्रेक’ कार्यक्रम को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य विभागों में चरणबद्ध रूप से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर कर्मचारी न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि सकारात्मक और स्वस्थ कार्यसंस्कृति के निर्माण में भी योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने और अपनी दैनिक कार्यशैली का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। ‘5 मिनट योग ब्रेक’ कार्यक्रम स्वस्थ, तनावमुक्त और सकारात्मक कार्य वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम साबित हो रहा है।









