जनता मोदी जी को  फिर से प्रधानमंत्री बनाएंगी और हरियाणा में सभी दस लोकसभा की सीटों पर खिलेगा कमल
हुड्डा परिवार तक ही सिकुड़ कर रह गई कांग्रेस पार्टी: धनखड़

चंडीगढ़, 2 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक पन्ना प्रमुख चुनाव रणनीति का एक मजबूत हिस्सा है और चुनाव में जीत का आधार स्तंभ है। रविवार को रेवाड़ी के कोसली विधानसभा में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से 2024 में केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार को पुनः स्थापित करने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।धनखड़ ने कहा कि देश की जनता फिर से लगातार तीसरी बार मोदी जी को सेवा का मौका देने का मन बना चुकी है और हरियाणा की जनता भी पिछली बार की तरह सभी 10 की 10 सीटों पर कमल खिलाने के मन बना चुकी है। पन्ना प्रमुख को अपने अपने पन्ने के मतदाता के साथ सादगी और शालीनता के साथ जुड़ाव रखना है। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलवाना है।  इससे पहले शनिवार की देर रात फतेहाबाद विधानसभा में पन्ना प्रमुख सम्मेलन में बोलते हुए भी प्रदेश अध्यक्ष ने पन्ना प्रमुखों को पार्टी की बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख में से ही कोई प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व पार्टी अध्यक्ष सहित अन्य पदों पर विराजमान होकर देश की सेवा करते हैं। कोसली और फतेहाबाद पन्ना प्रमुख सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियां गिनवाई, वहीं कांग्रेस पर भी जमकर हमला किया।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हुड्डा परिवार तक सिकुड़कर रह गई है। कभी कांग्रेस के कद्दावर और मजबूत नेता रहे कुलदीप बिश्नोई, चो. बिरेंद्र सिंह, राव इंद्रजीत सिंह, धर्मबीर सिंह, रमेश कौशिक, डा. अरविंद शर्मा आज सभी भाजपा परिवार का हिस्सा है। कांग्रेस अंदरूनी झगड़ों से जूझ रही है और प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति बहुत ही कमजोर हो चुकी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में तो कांग्रेेस के हालात ये है कि उनका संगठन तक खड़ा नहीं हो सका है। पहले प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर को संगठन नहीं बनाने दिया, उसके बाद कुमारी शैलजा को भी  संगठन खड़ा करने में दिक्कतें पैदा की और अब वहीं हाल कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के है। श्री धनखड़ ने कहा कि भाजपा के पास बूथ प्रमुख से लेकर पन्ना प्रमुख तक के कार्यकर्ता सक्रियता से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि  भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सबसे बड़ा मंच है। भाजपा न केवल देश की बल्कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और मजबूत सेवा भाव का संगठन है। आज भारत की विदेशों में अपनी पहचान बनी है। विदेशी धरती पर पीएम मोदी को कोई बोस कह कर सम्मान दे रहा है तो कोई सिर  झुकाकर अभिनंदन कर रहा है। भारत माता की जय भाजपा का मूल मंत्र है। देश से बढ़ कर हमारे लिए कुछ भी नहीं है। आज बदले हुए भारत में हमारे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को देखकर युक्रेन और रूस युद्ध विराम कर हमारे छात्रों के लिए रास्ता छोड़ देते हैं।  

श्री धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना। आने वाले समय में हमारी अर्थव्यवस्था टॉप थ्री की होगी, यह बात खुद प्रधानमंत्री ने अमेरिका जैसे ताकतवर देश की संसद में सबोधित करते हुए कही जिससे हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 हटी जिससे आज हमारी सेना का मनोबल सातवें आसमान पर है। भव्य  राम मंदिर निर्माण के हम साक्षी बन रहे हैं।  भाजपा सरकार किसानों की खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी सरकार ने अंत्योदय की भावना से गरीब लोगों के जीवन स्तर को उंचा उठाया है।

रेवाड़ी की कोसली विधानसभा में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में सांसद डा. अरविंद शर्मा, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव,  जिला अध्यक्ष प्रीतम चौहान आदि उपस्थित रहे। वहीं शनिवार को फतेहाबाद में हुए पन्ना प्रमुख सम्मेलन में सांसद सुनीता दुग्गल, जिला अध्यक्ष स. बलदेव सिंह ग्रोहा, विधायक दूड़ा राम, लक्ष्मण नापा उपस्थित रहे।  

error: Content is protected !!