मुख्यमंत्री ने कार्यालय को बताया संस्कारों के प्रचार का केंद्र, तो ओपी धनखड़ ने बताया मंदिर स्वरूप

चंडीगढ़, 4 मई। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय ‘‘कर्ण कमल’’ का गुरुवार को उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने करनाल सेक्टर-9 स्थित पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा कार्यालय को कार्यकर्ताओं के लिए संस्कारों के प्रचार-प्रसार का केंद्र बताया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने कार्यालय को मंदिर का स्वरूप बताया और कहा कि यहां संस्कार मिलते हैं और कार्यकर्ता को देश के प्रति काम करने की प्रेरणा मिलती है। इससे पहले पार्टी कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर आयोजित हवन-यज्ञ में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, संगठन मंत्री रविन्द्र राजू, जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा के अलावा अन्य पदाधिकारियों और नेताओं ने पूर्ण आहूति डाली और कार्यालय परिसर में पार्टी का ध्वज फहराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यालय के भवन का उदघाटन होना कार्यकर्ताओं के लिए गर्व की बात है। आज का दिन हम सभी के लिए एतिहासिक दिन बन गया है। कार्यालय का पार्टी को सुचारू रूप से चलाने एवं मजबूती प्रदान करने के लिए बहुत ही महत्व है। उन्होंने कहा कि आज का यह उत्सव सब कार्यकर्ताओं की बदौलत है, जिनकी इच्छा थी कि अच्छा कार्यालय बनना चाहिए। जिन्होंने इस कार्य में अपना योगदान दिया, इसे बनाकर तैयार किया है और जिसका नाम कर्ण कमल रखा गया है। इस नाम में भी एक ताकत है जिससे हमें प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का यह विचार था कि प्रत्येक जिले में भाजपा कार्यालय बनाए जाएं। सीएम ने कहा कि श्री शाह की प्रेरणा से प्रेरित होकर प्रदेश के हर जिले में कार्यालय बनाए जा रहे हैं। अभी तक 15 जिलों में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन हो चुका है। 4 जिलों में कार्यालय जल्दी ही बनकर तैयार हो जाएंगे तथा 3 जिलों में पार्टी कार्यालय के भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश में हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक विकासत्मक परियोजनाएं तथा जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं, जिनका जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।

भ्रष्टाचार पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। बड़े से बड़े अधिकारियों को भी भ्रष्टाचार के मामले में बख्शा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछली सरकारों की अपेक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ युवाओं को नौकरियां दी जा रही है। हरियाणा में बिना पर्ची और खर्ची के योग्य युवाओं को रोजगार मिल रहा है। अपने जनसंवाद कार्यक्रम के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी प्रदेश में जनसंवाद कार्यक्रमों की शुरूआत की गई है, जिसके तहत जिला के विधानसभा क्षेत्रों में तीन दिन का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

कार्यालय मंदिर का स्वरूप, यहां संस्कार के साथ-साथ देश के प्रति काम करने की मिलती है प्रेरणा: ओम प्रकाश धनखड़

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि हमारा कार्यालय बनाने का उद्देश्य ही जनता के लिए 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध कराना है, क्योंकि कार्यालय की चहल-पहल से भी कार्यकर्ताओं में काम करने की इच्छा जागृत होती है और वे आम लोगों के लिए हमेशा उपलब्ध रहते हैं। हमने छोटे कार्यालयों में बैठकर भारत को परमाणु शक्ति संपन्न बनाने और जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने, अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनाने जैसे बड़े सपने देखे हैं जो अब पूरे हो रहे हैं। भारत परमाणु शक्ति संपन्न देश बना। पीएम मोदी के नेतृत्व में धारा-370 हटी और अब अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बन रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा बदल रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सिस्टम को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की बदौलत आज विश्व में भारतीय जनता पार्टी एक बहुत बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया की चौथी शक्ति के रूप में विकसित हुआ है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने भारतीय जनता पार्टी संगठन की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को जन्म दिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश का हो रहा है संपूर्ण विकास: कल्याण

घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि आज का दिन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पिछले साढ़े 8 साल में अभूतपूर्व विकास करके प्रदेश का संपूर्ण विकास किया है। उन्होंने कहा कि यह हम सब पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का क्षण है, जैसे व्यक्ति घर बनाने के बाद खुश होता है, इस भवन के बनने से पार्टी कार्यकर्ता भी बेहद खुश हैं और यह हमारे लिए एक मंदिर के समान है।

जिला भाजपा अध्यक्ष योगेन्द्र राणा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ का कार्यालय का उद्घाटन किए जाने पर आभार प्रकट किया और कहा कि यह हम सबके लिए गौरव की बात है। पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना जुड़ी हुई है और यह कार्यालय पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए राम मंदिर के समान है। उन्होंने सीएम को आश्वस्त किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में करनाल जिला के पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की बदौलत जिला की पांचों सीटों पर भाजपा की जीत होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के 5 मई को आने वाले जन्मदिन की भी अग्रिम हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस मौके पर नगर निगम की मेयर रेणू बाला गुप्ता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ तथा पार्टी के राज्य स्तर के पदाधिकारी का धन्यवाद किया और जिला के पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्यालय भवन के उद्धाटन की बधाई दी।

इस मौके ये नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, जी.एल. शर्मा, हरविंदर कोहली, विशाल सेठ, कैथल जिलाध्यक्ष अशोक गुज्जर, कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष रवि बत्तान, मोहन लाल बड़ौली, जिला प्रभारी दीपक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, मीडिया कोर्डिनेटर जगमोहन आनंद, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण लाठर, जिला मीडिया प्रमुख डा. अशोक कुमार, महामंत्री राजबीर शर्मा व सुनील गोयल, कोषाध्यक्ष बृज गुप्ता, जिला के सभी मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंत्री कर्णदेव काम्बोज, शश्पिाल मेहता, पूर्व विधायक स. बख्शीश सिंह विर्क, भगवान दास कबीरपंथी, राज्य मीडिया प्रभारी डॉ. संजय शर्मा, अमरनाथ सौदा, कृष्ण भुक्कल, जिला उपाध्यक्ष सुमेर चंद, जयपाल शर्मा जलमाना सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!