जन-समस्याओं को जानने के लिए ज्यादा से ज्यादा जनसंवाद जरूरी- हुड्डा
कांग्रेस सरकार बनने पर किया जाएगा लोगों की समस्याओं का समाधान- हुड्डा
बीजेपी-जेजेपी सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है जनता- हुड्डा
खिलाड़ियों की मांग पर होनी चाहिए निष्पक्ष जांच, पीड़ितों को मिले न्याय- हुड्डा

कुरुक्षेत्र, 30 अप्रैलः हम जितना ज्यादा लोगों से मिलेंगे, उतना ही उनकी समस्याओं व समस्याओं के समाधान बारे जान पाएंगे। इसीलिए लगातार कांग्रेस अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए जनसंवाद कर रही है। ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। हुड्डा आज कुरुक्षेत्र में वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे थे। इस मौके पर बड़ी तादाद में शहर के गणमान्य व्यक्ति, पार्टी के मुख्य कार्यकर्ता, अलग-अलग संगठनों के प्रतिनिधि व विशेष आमंत्रित लोग मौजूद रहे।

यहां पहुंचने पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा का ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। कई घंटे चले कार्यक्रम में उन्होंने लोगों से एक-एक करके लंबा संवाद किया। नागरिक संगठनों ने हुड्डा को अपने-अपने इलाके की सड़कों से लेकर परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, बिजली, पानी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते नशे व बेरोजगारी जैसी समस्याओं के बारे में बताया। ओपीएस की मांग को लेकर संघर्षरत कर्मचारियों, तमाम सेक्टर्स की एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, बार एसोसिएशन, सफाई कर्मियों ने भी हुड्डा से मुलाकात की। तमाम लोगों ने उनसे कांग्रेस सरकार बनने पर उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की। हुड्डा ने सभी को उनकी समस्याओं के न्यायोचित समाधान का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी कार्यकर्ता से भी मुलाकात की और उनकी हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सियासी बदलाव की बयार कांग्रेस के पक्ष में बह रही है, इसका श्रय कार्यकर्ताओं की मेहनत को जाता है। जिस तरह पहले राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और अब ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान और ‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम को भारी जनसमर्थन मिल रहा है, इसके लिए भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिनरात मेहनत की है।

इस मौके पर पत्रकारों द्वारा मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रमों पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए हुड्डा ने कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। 9 साल के बाद सरकार को जनता की याद आई है। लेकिन जनता गठबंधन सरकार के कामकाज का आकलन करके उसे उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने एकबार फिर पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि तमाम लोग दलगत राजनीति से ऊपर उठकर खिलाड़ियों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। पीड़ितों को न्याय जरूर मिलना चाहिए।

error: Content is protected !!