प्रदेश के एक लाख किसानों ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल खराबा की दी जानकारी
सरकार किसानों को पारदर्शी तरीके से मुआवजा देगी : दलाल
भारत सारथी/ कौशिक
नारनौल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल ने वीरवार को गत सप्ताह हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिला महेंद्रगढ़ के विभिन्न गांवों के खेतों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा भी मौजूद थे।
इस मौके पर किसानों के साथ बातचीत करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को पारदर्शी तरीके से समय पर मुआवजा देगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को विशेष गिरदावरी कराने के निर्देश पहले ही दे दिए थे। उन्होंने कहा कि यह किसान हितैषी सरकार है। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सरकार किसानों के साथ है। जिन किसानों ने अपनी फसल का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करवाया है उनका नुकसान बीमा कंपनी की ओर से दिलवाया जाएगा तथा शेष बचे किसानों को क्षतिपूर्ति पोर्टल पर सूचना देने के लिए कहा गया है उन्हें सरकार अपनी तरफ से मुआवजा देगी।
कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों की मांग पर हरियाणा सरकार ने नुकसान वाले गांवों के लिए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल फिर से खोल दिया है। जिला महेंद्रगढ़ में 177 गांवों के लिए यह पोर्टल खोला गया है। अब किसान फसल नुकसान की जानकारी ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दे सकते हैं।
श्री दलाल ने बताया कि राज्य के लगभग 100966 किसानों ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर लगभग 569763 एकड़ क्षेत्र में फसल नुकसान की जानकारी दी है।
कृषि मंत्री ने बताया कि महेंद्रगढ़ जिले में करीब 34916 किसानों ने करीब 146547 एकड़ क्षेत्र में हुए नुकसान की जानकारी ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दी है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित 24,000 किसानों ने कृषि कार्यालय, PMFBY.gov.in पोर्टल और क्रोप इंश्योरेंस एप पर अपनी फसलों को हुए नुकसान की सूचना दी है।
कृषि मंत्री ने आज गांव निंबी, दुलोठ अहीर, बेरावाश, नंगल सिरोही और डेरोली जाट के खेतों का भ्रमण किया।
इस मौके पर एसडीएम हर्षित कुमार, कृषि विभाग के जिला के डीडीए डा बलवंत सहारण, डीडीए पशुपालन डॉ नसीब सिंह व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।