सांसद रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा-जजपा को घेरा, कहा – अपराधी बेखौफ, प्रशासन सुस्त, जनता है त्रस्त, भाजपा-जजपा सरकार सत्ता के नशे में मदमस्त

कुरुक्षेत्र, कैथल, 10 जनवरी 2023 – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव व सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कैथल से एक बयान जारी करते हुए हरियाणा की भाजपा जजपा सरकार पर हमला बोला। सुरजेवाला ने कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है तब से कानून व्यवस्था का दिवालिया निकल चुका है। कैथल, कुरुक्षेत्र सहित पूरे हरियाणा में अपराधी बेखौफ अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। सरेआम कत्लेआम कर रहे हैं। चोरी, हत्या, डकैती, छेड़छाड़, मारपीट जैसे अपराधों का ग्राफ निरंतर बढ़ता ही जा रहा है लेकिन सरकार महज मूकदर्शक बनी बैठी है।

सुरजेवाला ने कहा कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में बदमाशों की वहशी व खौफनाक वारदात ने जनता को भयभीत कर दिया है। बदमाश कुरुक्षेत्र के एक होटल पर सरेआम दिन दहाड़े बगैर ख़ौफ़ के एक व्यक्ति के दोनों हाथ काटकर ले जाते हैं। शहर में महिला डॉक्टर की दर्दनाक हत्या को अंजाम देकर चले जाते हैं। पुलिस प्रशासन व लचर कानून व्यवस्था की मार जनता को अपनी जान गंवाकर चुकानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि अपराधी बेखौफ हैं, प्रशासन सुस्त है,कानून व्यवस्था लचर है, जनता त्रस्त है लेकिन भाजपा-जजपा सरकार सत्ता के नशे में मदमस्त चल रही है।

सांसद रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा जजपा सरकार पर सवाल करते हुए कहा कि आखिर क्या कारण है कि 👇

● हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार हरियाणा में अपराधों पर अंकुश लगाने में नाकामयाब है?
● क्या मुख्यमंत्री खट्टर व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को हरियाणा में ये अंधेरगर्दी व गुंडागर्दी दिखाई नहीं दे रही?
● क्या भाजपा-जजपा सरकार को सत्ता में एक दिन भी रहने का कोई हक है?
● क्या आए दिन हरियाणा के लोग यूं ही भय के माहौल में जीते रहेंगे?
● क्या अपराधी, जघन्य अपराध को अंजाम देकर खुली हवा में सांस लेते रहेंगे?
● आखिर अपराधियों का ये ख़ौफ़नाक नंगा नाच कब तक चलेगा?

खट्टर व दुष्यंत चौटाला जी! जवाब दें! आपको सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है।

error: Content is protected !!