अजीत सिंह

हिसार। मई 23 – सफाई की समुचित व्यवस्था के बिना कोई बस्ती शहर नहीं बन सकती और सफाई कर्मचारियों से संवाद और उनके सहयोग के बिना यह काम सही ढंग से हो भी नहीं सकता। रेवाड़ी के डिप्टी कमिश्नर और हिसार नगर निगम के पूर्व कमिश्नर अशोक गर्ग ने यह बात वानप्रस्थ संस्था द्वारा आयोजित उनके विदाई समारोह में कही। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें दूर करने की भरसक कोशिश की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में कुछ पहल उन्होंने हिसार नगर निगम के कमिश्नर पद पर रहते हुए की और इसके बड़े ही उत्साहवर्धक परिणाम मिले।

अशोक गर्ग का हाल ही में हिसार नगर निगम के कमिश्नर पद से रेवाड़ी के डी सी पद पर ट्रांसफर हुआ है। वानप्रस्थ संस्था द्वारा आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा के लंबे समय में उनका सबसे बेहतर समय हिसार नगर निगम के कमिश्नर के तौर पर रहा हालांकि वे सिरसा के डी सी भी रह चुके हैं और हिसार में एस डी एम, सिटी मजिस्ट्रेट और ए डी सी के पदों पर भी काम कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों और खास तौर पर महिला कर्मचारियों की समस्याओं पर वे शीघ्र ही एक बुकलेट भी जारी करने की सोच रहे हैं। यह कर्मचारियों के अपने लिखित अनुभवों पर आधारित होगी पर उनका नाम उजागर नहीं किया जायेगा।

वानप्रस्थ संस्था के प्रधान डॉ सुदामा अग्रवाल, महासचिव डॉ जे के डांग व दूरदर्शन के पूर्व समाचार निदेशक अजीत सिंह व अन्य सदस्यों ने अशोक गर्ग के मानवीय गुणों का उल्लेख करते हुए कई उदाहरण दिए।

अजीत सिंह ने कहा कि अशोक गर्ग को लेकर उनके जहन में कई तस्वीरें बसी हुई हैं। इनमें महिला दिवस पर महिला सफाई कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत धमाल कार्य क्रम, अशोक गर्ग के निगम द्वारा आयोजित विदाई समारोह में महिला कर्मचारियों का फूट फूट कर रोना और रक्तदान कैंप में सबसे पहले अशोक गर्ग का रक्तदान करना शामिल हैं। एक बात जिसका आम तौर पर उल्लेख नहीं आता वह यह है कि कोरोना काल में जब कई लोग अपने रिश्तेदारों की लाशों का अंतिम संस्कार नहीं कर रहे थे, तब यह काम कमिश्नर अशोक गर्ग के कहने पर निगम के कर्मचारियों ने भारी जोखिम उठा कर किया और इस काम में कई कर्मचारियों को अपनी जान भी कुर्बान करनी पड़ी।

डी सी गर्ग ने इस अवसर पर वानप्रस्थ संस्था की ओर से 25 अनाथ बच्चों को स्कूली बस्ते व वर्दी प्रदान की। समारोह में वानप्रस्थ के आठ सदस्यों का जन्म दिन भी मनाया गया जिन्हें अशोक गर्ग ने गमले में लगा एक एक पौधा भेंट किया।
स्कूली बच्चों के लोक नृत्य व नाटक प्रस्तुत किए।

निगम की जॉइंट कमिश्नर बेलिना व हिसार ज़िले की सी एम ओ डॉ रत्ना भारती भी समारोह में शामिल हुई।
तीन घंटे चले कार्यक्रम का समापन प्रीतिभोज के साथ हुआ जिसमें लगभग एक सौ व्यक्तियों ने भाग लिया।

error: Content is protected !!