कहाकिसान आंदोलन का असली चेहरा भी आ चुका है सामने

डरने की जरूरत नहीं, निडरता से करने जाएं मतदान

सिरसा। वोटिंग से एक दिन पहले शुक्रवार को भाजपा-जजपा नेताओं ने एक संयुक्त प्रेसवार्ता कर यह साफ किया कि ऐलनाबाद का यह चुनाव भय मुक्त होगा। दोनों दलों के नेताओं ने ऐलनाबाद के लोगों से अपील भी की कि वे निडरता के साथ मतदान करें।

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व ऐलनाबाद उपचुनाव प्रभारी सुभाष बराला ने कहा कि गढ़ किसी व्यक्ति विशेष के नहीं हुआ करते। ऐलनाबाद भी व्यक्ति विशेष का न होकर जनता का गढ़ बनने जा रहा है। यहां की जनता ने अपने आप को गढ़ का राजा बताने वाले लोगों को पूरी तरह से नकार दिया है। गठबंधन सरकार का प्रत्याशी गोबिंद कांडा भारी मतों से यहां जीत हासिल करेगा। वे आज रानियां रोड स्थित भाजपा कार्यालय में मतदान से पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इन लोगों के चाटुकार लोग जो कुछ समय पहले ये कहते थे, ये तो गढ़ है, लेकिन गठबंधन सरकार की टीमों द्वारा किए गए चुनाव प्रचार के बाद सारे समीकरण बिगड़ गए हैं। यहां की जागरूक जनता ने इनके गढ़ को व्यक्ति विशेष की बजाय जनता का गढ़ बनाने का मन बना लिया है। बराला ने कहा कि वे चुनाव के शुरूआत में धरातल से चले थे, लेकिन पार्टी के नेताओं के धुआंधार प्रचार और टीम वर्क ने इस उपचुनाव को धरातल से आसमां तक पहुंचाने का काम किया है। लोगों पर जबरन ये चुनाव थोपने वाले लोगों ने कहा था कि वो जब तक तीनों कृषि कानून रद्द नहीं होते, तब तक न तो विधानसभा जाएंगे और न ही वोट मांगने, लेकिन वही लोग सुबह से लेकर देर रात्रि तक लोगों की दहलीज पर नाक रगड़ रहे हैं। बात का धनी कहने वाले लोग, अब सामने क्यों नहीं आ रहे? ऐलनाबाद विधानसभा की जनता इन अहंकारी व भय का माहौल पैदा करने वाले लोगों से तंग आ चुकी है और आजादी चाहती है।  इसलिए आने वाली 30 अक्तूबर को अपने विवेक से मतदान करते हुए अहंकारी लोगों की बजाय विकास के नाम पर मोहर लगाएं और कमल का फूल खिलाने का काम करें।

शंकाओं पर जनता ने लगाया विराम

जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने कहा कि इस उपचुनाव से पहले कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं ने तरह-तरह की अफवाहें फैलाई थी कि प्रचार के लिए गठबंधन नेताओं को लोग गांवों में नहीं घुसने देंगे। लेकिन इलाके की जनता ने इन लोगों की सभी संभावनाओं पर विराम लगाते हुए गठबंधन सरकार की विकासपरक नीतियों को स्वीकार किया है। चौटाला ने कहा कि जनता ने इनके घमंड को चकनाचूर कर इनके स्वार्थी मनसूबों पर पानी फेर दिया है, जिससे ये लोग अपनी हार को पचा नहीं पा रहे हैं। चौटाला ने कहा कि लोगों को डराने के लिए भी इन लोगों ने प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन उनकी जनता से अपील है कि वो बिना किसी डर-भय के अपने विवेक से मतदान कर क्षेत्र के विकास के मार्ग खोलने का काम करें।

कांग्रेस अंतिम दौर में

बिजली मंत्री चौ. रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि ऐलनाबाद उपचुनाव में लड़ाई सिर्फ भाजपा-इनेलो दलों में है। कांग्रेस अपने अंतिम दौर में हैं। क्योंकि कांग्रेस को जनता ने सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार कोई भी हो, उससे फर्क नहीं पड़ता, लेकिन पार्टी का रसूख क्या है, ये बात मायने रखती है। सिरसा की जनता बड़ी जागरूक है और वो इस बार पहले की गलती को न दोहराकर विकास में भागीदारी करेगी। क्योंकि अभी तक यहां की जनता को विकास से महरूम ही रखा गया है। चौटाला ने कहा कि गठबंधन नेताओं के प्रचार से ये चुनाव एकतरफा हो चुका है और दोनों पार्टियों का सांझा प्रत्याशी गोविंद कांडा यहां से अवश्य विजयी होगा।

इस प्रेस वार्ता में चुनाव प्रभारी सुभाष बराला, बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला, जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला, जजपा के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह के अलावा  जजपा के संगठन मंत्री राजेंद्र लितानी, भाजपा सिरसा जिला अध्यक्ष आदित्य चौटाला, भाजपा के मीडिया सहप्रमुख अरविंद सैनी, प्रदेश प्रवक्ता प्रवीन अत्रे  व जिला मीडिया प्रभारी एडवोकेट कपिल सोनी मौजूद थे।

error: Content is protected !!