चंडीगढ़,31 मार्च। आम आदमी पार्टी के मुख्य संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 4 अप्रैल को जींद में किसानों के समर्थन में एक महापंचायत को संबोधित करेंगे। पार्टी पहले दिन से ही किसानों के समर्थन में खड़ी रही है और आगे भी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर तब तक चलेगी जब तक कि किसानों की मांगे पूरी नहीं हो जातीं।

यह जानकारी आज यहां पार्टी के हरियाणा के चारों जोन के अध्यक्षों बीके कौशिक, आर एस राठी व अश्विनी दुलेडा ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए दी।  इन नेताओं ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पिछले दिनों पंजाब के बाघा में महापंचायत करके आये थे जहां उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में किसानों के साथ साथ अन्य लोग भी आये थे। अब बारी हरियाणा की है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल किसानों के हित में खड़़े होने के लिए आम आदमी को भी जागरुक करने का काम कर रहे हैं,क्योंकि आम आदमी को यह समझना होगा कि यह लड़ाई सिर्फ किसान की नहीं बल्कि हर एक आम आदमी की लड़ाई है,क्योंकि अगर किसान और उसकी किसानी ही नहीं बचेगी तो फिर आम आदमी कहां बचेगा।  जिस तरह से केंद्र की सरकार किसानों के अधिकार व उनकी जमीन छीनकर पूंजीपतियों को देने का षडयंत्र इन तीने काले कानूनों के माध्यम से करने का प्रयास कर रही है,उसका प्रभाव तो आम आदमी पर पडऩा तय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की सरकार भी पूरी तरह से किसान विरोधी है,इसी लिए तो वह किसानों के आंदोलन को असफल करने के लिए कोई न कोई काम करती रहती है।

आप के उत्तरी हरियाणा जोन के अध्यक्ष बीके कौशिक ने कहा कि किसान आंदोलन को नाकाम करने के लिए हरियाणा सरकार ने जहां किसानों को रोकने के लिए सडक़ों पर गडड़े खुदवाये थे वहीं सरकार ने किसानों पर झूइे केस भी बनाये।

 दक्षिण हरियाणा के अध्यक्ष आर एस राठी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाये रखने में पूरी तरह से नाकाम रही है, क्योकि पार्टी में आपसी गुटबाजी हावी है। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री में छत्तीस का आंकड़ा जगजाहिर है। दोनों एक दूसरे की बात को काटने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। यही कारण है कि राज्य में आज कानून का नहीं जंगल का राज है और यह बात स्वयं गृहमंत्री अनिल विज भी कह चुके हैं।

 मध्य हरियाणा के अध्यक्ष अश्विनी दुलारा ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। लोगों को नये रोजगार मिलना तो दूर अपने पुराने रोजगार बचाये रखने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार एक भी नया उद्योग राज्य में नहीं लगा पाई, उल्टे जो उद्योग यहां चल रहे थे उनमें से भी कई यहां के हालात देखकर पलायन कर गये या सरकार की बेरुखी के चलते बंद हो गये। 

उतरी हरियाणा के संगठन मंत्री सुखबीर चहल ने कहा कि देश व प्रदेश की सरकारों ने हर वर्ग को छलने का काम किया है। महंगाई कम होने की बजाये दिन प्रतिदिन बढ़ रही है और देश की अर्थ व्यवस्था लगातार गिरती जा रही है,मगर भाजपा देश को विभिन्न राज्यों में हिंदू मुस्लिम के नाम पर बंाटकर आपस में लड़़ाने का काम कर रही है। 

उत्तरी हरियाणा जोन के सचिव योगेश्वर शर्मा ने कहा कि भाजपा से आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली में लोगों के लिए करवाये जा रहे काम बर्दाश्त नहीं हो रहे थे, इस लिए उसने मुख्यमंत्री के सारे अधिकार छीनकर एलजी को देने की ओछी हरकत की। उन्होंने कहा कि मगर दिल्ली ही नहीं देश की जनता केंद्र सरकार के इन कामों को देश रही है और आने वाले समय में अपनी वोट की चोट से वह भाजपा को पूरी तरह से सबक सिखायेगी। उन्होंने कहा कि लोग समझ रहे हैं कि यह केंद्र की भाजपा सरकार की दिल्ली के लोगों द्वारा उसे दो बार बुरी तरह से हार देने की खुन्नस है और भाजपा को यह भी पता है कि आने वाले दिल्ली नगर निगम चुनावों में भी भाजपा का सुपड़ा साफ होने वाला है , इसी लिए उसने यह सब किया है।  पंचकूला जिला प्रधान सुरेंद्र राठी ने कहा कि 4 तारीख की इस रैली में पंचकूला से भी भारी संख्या में लोग शामिल होंगे और लोगों में इस रैली को लेकर भारी उत्साह है क्योंकि पंजाब में आम आदमी पार्टी कि पिछले दिनों हुई रैली को जो समर्थन मिला है उसका जोश पंचकूला वाक्य में भी है।इस अवसर पर आप के  नसीब सिंह, जगमोहन भट्टू, प्रवीण देवराज,आर्य सिंह व राजेश पंडित भी उपस्थित थे।