समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने सुनीं आमजन की समस्याएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला मुख्यालय पर 10 शिकायतों पर हुई सुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

गुरुग्राम, 22 अक्टूबर- आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित समाधान शिविरों में आमजन की शिकायतों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समयबद्ध समाधान की कार्यवाही की जाती है।

इसी कड़ी में वीरवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने आमजन की 10 शिकायतों पर सुनवाई की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही करने और निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि समाधान शिविर के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। संबंधित अधिकारी प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्यवाही करें और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करें।

जिला मुख्यालय और सभी उपमंडलों में प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनते हैं।

इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त सपना यादव, एसीपी सुरेश कुमार, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, एएफएसओ सुनील कुमार और एटीपी ज्योति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें