ड्राइवरों की मांगों को लेकर 19 नवंबर को दिल्ली में धरना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर कल्याण बोर्ड और सामाजिक सुरक्षा की मांग, भारतीय मजदूर संघ ने किया आंदोलन के पोस्टर का विमोचन

नई दिल्ली। ड्राइवरों के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर कल्याण बोर्ड के गठन और सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ आगामी 19 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन आयोजित करेगा। आंदोलन के प्रचार-प्रसार और जनजागरण के लिए तैयार पोस्टर का विमोचन भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री सुरेन्द्र कुमार पांडेय ने किया।

इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष अनीश मिश्रा, भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा, अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष दीपक कुमार तथा उत्तर पश्चिम बंगाल के प्रभारी शंभु देव उपस्थित रहे। महासंघ भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय औद्योगिक इकाई है।

ड्राइवरों के सुरक्षित भविष्य के लिए ठोस निर्णय जरूरी

पोस्टर विमोचन के अवसर पर सुरेन्द्र कुमार पांडेय ने कहा कि देश के ड्राइवरों के हितों की रक्षा और उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए सरकार को ठोस निर्णय लेने होंगे। देश की अर्थव्यवस्था, परिवहन व्यवस्था और आम जनजीवन को सुचारु बनाए रखने में निजी परिवहन क्षेत्र के ड्राइवरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद उन्हें सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक संरक्षण और कल्याणकारी सुविधाओं के लिए अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने केंद्र सरकार से ड्राइवरों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कहा कि राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर कल्याण बोर्ड का गठन करने और निजी परिवहन श्रमिकों की अन्य प्रमुख मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। ड्राइवरों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित भविष्य और उचित कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।

संघर्ष में महासंघ के साथ खड़ा है संगठन

पांडेय ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ का प्रत्येक कार्यकर्ता भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के साथ खड़ा है। ड्राइवरों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ उनके संघर्ष में सहभागी रहेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि 19 नवंबर को दिल्ली में होने वाला धरना-प्रदर्शन ड्राइवरों की एकजुटता और उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार के सामने रखेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के माध्यम से देशभर के ड्राइवर अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को सामने रखेंगे। निजी परिवहन क्षेत्र के श्रमिकों की उपेक्षा स्वीकार्य नहीं है और सरकार को उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करनी होगी।

ऑटो, टैक्सी, बस और ट्रक चालकों से भागीदारी की अपील

महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि यह धरना-प्रदर्शन देश के करोड़ों ड्राइवरों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाने का सशक्त मंच बनेगा। महासंघ का उद्देश्य निजी परिवहन क्षेत्र में कार्यरत ड्राइवरों को संगठित करना और उनकी समस्याओं के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से समाधान के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।

उन्होंने देशभर के ऑटो, टैक्सी, बस, ट्रक, एम्बुलेंस तथा अन्य निजी परिवहन साधनों से जुड़े ड्राइवरों और श्रमिकों से 19 नवंबर को नई दिल्ली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में महासंघ ने आंदोलन की तैयारियों को गति देने और विभिन्न राज्यों में ड्राइवरों को उनकी मांगों के प्रति जागरूक करने का संकल्प दोहराया। पदाधिकारियों ने परिवहन श्रमिकों से सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें