हर शिकायत का समयबद्ध समाधान करें अधिकारी, लोगों को बार-बार न लगाने पड़ें चक्कर : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसीएस ए.के. सिंह ने वीसी के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की

एटीआर में कार्रवाई का पूरा ब्योरा दर्ज करें अधिकारी, देरी पर तय होगी जवाबदेही

गुरुग्राम, 16 अक्टूबर- डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो, सीएम जन संवाद और समाधान शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। शिकायतों पर कार्रवाई का उद्देश्य केवल पोर्टल पर स्थिति अपडेट करना नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान करना होना चाहिए, ताकि लोगों को एक ही शिकायत के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इससे पहले हरियाणा सरकार के उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) ए.के. सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि निर्धारित समय सीमा से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। जिन मामलों में अनावश्यक देरी हो रही है, उनमें संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। दोबारा खोली गई शिकायतों की समीक्षा करते समय पहले की गई कार्रवाई और शिकायत दोबारा खुलने के कारणों की जांच की जाए, ताकि कमियों को दूर कर शिकायत का उचित समाधान किया जा सके।

डीसी उत्तम सिंह ने निर्देश दिए कि शिकायतों की एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) में की गई कार्रवाई का स्पष्ट और तथ्यात्मक विवरण दर्ज किया जाए। जांच रिपोर्ट और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पोर्टल पर जानकारी अपडेट की जाए, ताकि शिकायत के समाधान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रहे। अधिकारियों को शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी देने और शिकायतों का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी की जाए और विभागवार उनकी प्रगति की समीक्षा की जाए। जिन शिकायतों में एक से अधिक विभागों की भूमिका है, उनमें संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता बनाए रखें और पोर्टल पर सही व पूरी जानकारी दर्ज करें, ताकि लंबित मामलों की स्थिति स्पष्ट रहे और शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी न हो।

इस अवसर पर सीटीएम ज्योति नागपाल, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, दीप्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें