एसजीएफआई राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में गुरुग्राम के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक में अंडर-14 बालिका टीम प्रथम, अंडर-17 व अंडर-19 में दूसरा स्थान; रिदमिक जिम्नास्टिक की तीनों आयु वर्गों की टीमों ने हासिल किया प्रथम स्थान

कई खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में जीते पदक, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ चयन

गुरुग्राम, 12 अक्टूबर। अंबाला में आयोजित एसजीएफआई राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में गुरुग्राम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर डीसी उत्तम सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण से जिले को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिलती है।

जिला शिक्षा विभाग में सहायक शिक्षा अधिकारी जगदीश अहलावत ने बताया कि आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक की अंडर-14 आयु वर्ग की बालिका टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की टीमों ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, रिदमिक जिम्नास्टिक में गुरुग्राम की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जगदीश अहलावत ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन तथा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अनुशासन, समर्पण और खेल कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने कहा कि इस सफलता में खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधकों की मेहनत, उचित मार्गदर्शन तथा सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने बताया कि टीम स्पर्धाओं के अतिरिक्त गुरुग्राम के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी कई पदक हासिल किए हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिले के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का विभिन्न आयु वर्गों में एसजीएफआई राष्ट्रीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे तथा गुरुग्राम और हरियाणा का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!