मेदांता ने पंजाबी बिरादरी महा संगठन के सदस्यों के लिए आयोजित किया स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
40 सदस्यों की निःशुल्क जांच, हृदय रोग विशेषज्ञ ने दिए सवालों के जवाब

गुरुग्राम, 1 सितंबर। पंजाबी बिरादरी महा संगठन, गुरुग्राम की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यों को देखते हुए मेदांता हॉस्पिटल ने संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए विशेष हृदय स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। गोल्फ कोर्स रोड स्थित मेदांता मेडिक्लिनिक में आयोजित कार्यक्रम में बिरादरी के करीब 40 सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर और रक्तचाप सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की गईं। मेदांता के कार्डियोलॉजी विभाग के चेयरमैन एवं प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण चंद्रा ने करीब 45 मिनट के सत्र में हृदय रोगों से बचाव, संतुलित खान-पान, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों के स्वास्थ्य संबंधी सवालों के जवाब भी दिए।
चार चैरिटेबल डिस्पेंसरी चला रहा संगठन

पंजाबी बिरादरी महा संगठन के चेयरमैन बोध राज सीकरी ने संगठन की सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था चार चैरिटेबल डिस्पेंसरी संचालित कर रही है। इनमें प्रतिदिन करीब 90 से 100 मरीजों को होम्योपैथी, एलोपैथी और फिजियोथेरेपी परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि संगठन जाति अथवा वर्ग का भेद किए बिना दो एम्बुलेंस की निःशुल्क सेवा उपलब्ध करा रहा है। जरूरतमंद परिवारों के लिए शव वाहन की सुविधा भी दी जाती है। इसके अतिरिक्त समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, नेत्र जांच और रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं।
वार्षिक बैठक में आमंत्रित होंगे डॉ. प्रवीण चंद्रा
बोध राज सीकरी ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए मेदांता प्रबंधन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनवरी में प्रस्तावित बिरादरी की वार्षिक बैठक में 500 से अधिक सदस्य भाग लेंगे। इस बैठक में डॉ. प्रवीण चंद्रा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग उनके अनुभव और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में संगठन के प्रधान ओम प्रकाश कथूरिया, वरिष्ठ उपप्रधान प्रमोद सलूजा, महामंत्री राम लाल ग्रोवर, गजेंद्र गोसाईं, डॉ. अलका शर्मा, योगाचार्य राजपाल आहूजा, किशोरी डुडेजा, युधिष्ठिर अल्मादी, राकेश गोसाईं, पुष्पा नासा और गीता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर मेदांता प्रबंधन की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई।







