*मानेसर एसडीएम लोकेश यादव ने अधिकारियों के साथ गांव में किया रात्रि प्रवास, मौके पर ही कई समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश*
*सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने और नशामुक्त समाज के लिए मिलकर काम करने का आह्वान*

गुरुग्राम, 01 सितंबर। आमजन की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर समझने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे रात्रि प्रवास कार्यक्रम के तहत मानेसर के एसडीएम लोकेश यादव ने गांव चंदू में रात्रि ठहराव किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद कर गांव की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों तथा अन्य स्थानीय विषयों पर चर्चा की। ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम लोकेश यादव ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब अधिकारी कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय आमजन के बीच जाकर उनकी जरूरतों और समस्याओं को समझें। गांव में रात्रि प्रवास का उद्देश्य भी यही है कि ग्रामीणों को अपनी बात रखने के लिए दूर न जाना पड़े और स्थानीय स्तर की समस्याओं को मौके पर ही संबंधित विभागों के संज्ञान में लाकर उनके समाधान की प्रक्रिया को गति दी जा सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक पात्र नागरिक तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। रात्रि प्रवास जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन ग्रामीणों से सीधा फीडबैक प्राप्त कर रहा है, जिससे विकास कार्यों और सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
*गांव की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने पर जोर*

एसडीएम ने ग्रामीणों से बातचीत के दौरान कहा कि गांव के विकास से जुड़े कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे गांव की प्राथमिक आवश्यकताओं की पहचान कर प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उपलब्ध संसाधनों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिन समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा अन्य मामलों को संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजने के निर्देश दिए गए।
*परिवार पहचान पत्र सहित जरूरी दस्तावेज रखें अपडेट*
एसडीएम लोकेश यादव ने ग्रामीणों से अपील की कि वे परिवार पहचान पत्र सहित अपने अन्य आवश्यक दस्तावेजों में जानकारी को समय-समय पर अपडेट करवाते रहें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता संबंधी दस्तावेजों का सही एवं नवीनतम होना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि किसी योजना का लाभ लेने में परेशानी आने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि समस्या का समाधान किया जा सके।
*नशे के खिलाफ गांव स्तर पर मजबूत करें सामाजिक जागरूकता*

रात्रि प्रवास के दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों से नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इससे निपटने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई के साथ सामाजिक जागरूकता भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के व्यवहार और गतिविधियों पर ध्यान दें तथा युवाओं को खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा गांव में नशीले पदार्थों की बिक्री या वितरण किए जाने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
*एक ही स्थान पर मिलीं कई विभागीय सेवाओं की जानकारी*
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से सूचना एवं सहायता स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों पर ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की ओर से पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नवनीत कौर, नायब तहसीलदार प्रतीक, एक्सईएन पंचायती राज अजय शर्मा, बीडीपीओ गुरुग्राम दीपिका शर्मा, सरपंच विकास यादव एवं पंचगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






