2 सितंबर तक मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
गुडग़ांव, 31 अगस्त (अशोक)। नगर निगम के सफाई सीवर और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को 26वें दिन भी जारी रही। सीटू की जिला कमेटी ने जिला प्रधान सुरेश नोहरा के नेतृत्व में आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
सैकड़ों कर्मचारी कमला नेहरू पार्क में एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए अग्रवाल धर्मशाला चौक से पुराने नगर निगम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन का संचालन सीटू की जिला सचिव रानी ला ने किया। धरने की अध्यक्षता नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान बसंत कुमार और फायर कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान साहुन खान ने संयुक्त रूप से की।
आंदोलन दबाने का आरोप
कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने के बजाय पुलिस बल और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के सहारे आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान कूड़ा उठाने और सफाई कराने के नाम पर फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
यूनियन नेताओं ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और कृष्ण बेदी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। राज्य उपप्रधान बसंत कुमार ने कहा कि जब अन्य सरकारी विभागों में नियमित भर्तियां की जा सकती हैं तो सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों के लिए ठेका प्रथा समाप्त कर पक्की भर्ती क्यों नहीं की जा रही?
13 मई का समझौता लागू करने की मांग
कर्मचारियों ने 13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते को लागू कर सभी स्वीकृत मांगों के लिखित आदेश जारी करने की मांग की। उन्होंने सफाई, सीवर और अग्निशमन विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने तथा ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग भी दोहराई।
यूनियन ने दिवंगत अग्निशमन कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी देने की मांग उठाई।
कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी कि यदि 2 सितंबर तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ाते हुए आंदोलन तेज किया जाएगा।








