सोहना में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, विभिन्न क्षेत्रों की 345 से अधिक प्रतिभाएं सम्मानित
रिश्ता धन से नहीं, संस्कार और समानता से बनता है : सुमन सैनी

गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने सर्व समाज से विवाह समारोहों में फिजूलखर्ची और दहेज प्रथा पर रोक लगाकर ‘एक रुपये और नारियल’ से रिश्ता तय करने की परंपरा अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से समाज में समानता की भावना मजबूत होगी और बेटियों के माता-पिता पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी कम होगा।
सुमन सैनी रविवार को सोहना के अग्रसेन भवन में समाज उत्थान न्यास द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी भीम सिंह सैनी ने की। मानव निर्माण अभियान चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सुशील गिरी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंच संचालन गगनदीप सैनी और हितेश सैनी ने किया।
दिखावे के कारण कर्ज में डूब रहे परिवार

सुमन सैनी ने कहा कि समाज में दिखावे और फिजूलखर्ची की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है। शादी जैसे पवित्र बंधन में लाखों रुपये खर्च करने के कारण कई परिवार कर्ज में डूब जाते हैं। यदि समाज एक रुपये और नारियल के साथ रिश्ता तय करने की परंपरा अपनाए तो दहेज जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने में बड़ी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, “युवाओं को यह संदेश देना आवश्यक है कि रिश्ता धन से नहीं, बल्कि संस्कार, सम्मान और समानता से बनता है।”
सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक समरसता की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। समाज भी सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर ऐसी सामाजिक पहलों को आगे बढ़ाएगा, तभी प्रदेश सही मायनों में प्रगति करेगा।
नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें युवा

समारोह में दसवीं और बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ खेल एवं अन्य क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाली 345 से अधिक प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, जूट बैग और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
सुमन सैनी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें केवल नौकरी प्राप्त करने का लक्ष्य रखने के बजाय उद्यमिता अपनाकर दूसरों को रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया।
समाज उत्थान न्यास के अध्यक्ष गगनदीप सैनी ने कहा कि संस्था कई वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में काम करते हुए जरूरतमंद बच्चों की सहायता कर रही है। न्यास का प्रमुख उद्देश्य समाज में शिक्षा, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना है।
गणमान्य लोगों ने की शिरकत

समारोह में पूर्व मंत्री एवं सोहना विधायक संजय सिंह, विधायक तेजपाल तंवर, नगर परिषद सोहना की चेयरपर्सन प्रीति बागड़ी, हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, राष्ट्रमंडल खेलों में पैरा एथलेटिक्स की प्रथम भारतीय स्वर्ण पदक विजेता शर्मिला धनकड़, गुरुग्राम आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मुनीश सैनी तथा कलिंगा भारती फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षय कुमार सामल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गुरुग्राम की संयुक्त पुलिस आयुक्त संगीता कालिया, पार्षद आशीष गुप्ता, रेखा दिनेश सैनी, पवन सैनी, मार्केट कमेटी फिरोजपुर झिरका के चेयरमैन महावीर सैनी, पटौदी के पूर्व पार्षद राजकुमार सैनी, ज्ञानदीप इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. राजकुमार सैनी, फूल सैनी, डॉ. सुरेश सैनी, सीए केशव सैनी, सीए संदीप सैनी, प्रोफेसर सुशील सैनी, राज ट्रेडिंग कंपनी के चेयरमैन राजकुमार सैनी, समाजसेवी राजू सैनी, सुमेर सिंह तंवर, अधिवक्ता पीसी सैनी, वीरेंद्र सैनी, नीलम सैनी, बिमला सैनी, सुरेश गौड़, हुकमचंद सैनी, पार्षद रूप सैनी, प्रोफेसर कविता सैनी और प्रोफेसर मनीषा सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में न्यास के संरक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक नरेश कुमार सैनी, सोनू सैनी, नरेंद्र दत्त सैनी, कृष्ण सैनी तथा संस्था की सोहना इकाई की पूरी टीम ने सहयोग दिया।








