जीएमडीए के एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल पर लोगों की बढ़ी भागीदारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अब तक करीब 15 शिकायतें मिलीं, सभी पर कार्रवाई के लिए भेजा गया; लाइव फोटो से मौके की सटीक लोकेशन मिलेगी

लोग अपने आसपास के अतिक्रमण की सूचना पोर्टल पर दें, मिलकर शहर को बनाएंगे अतिक्रमण मुक्त- सीईओ

गुरुग्राम, 31 अगस्त। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराने के लिए शुरू किए गए एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल को शहरवासियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। पोर्टल शुरू होने के बाद अब तक करीब 15 शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं और जीएमडीए के एनफोर्समेंट विंग ने इन शिकायतों को कार्रवाई के लिए लिया है।

इस पोर्टल के जरिए शहरवासी सड़कों, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट, ड्रेन और अन्य सार्वजनिक अथवा सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण की जानकारी सीधे जीएमडीए तक पहुंचा सकते हैं। शिकायत दर्ज करते समय लाइव, जियो-टैग्ड और टाइम-स्टैम्प वाली फोटो अपलोड की जा सकती है। इससे अधिकारियों को अतिक्रमण वाले स्थान की सटीक लोकेशन की जानकारी मिलती है और प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकती है।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पीसी मीणा ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को प्रभावी बनाने में शहरवासियों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों से जीएमडीए को जमीनी स्तर पर अतिक्रमण की जानकारी मिल रही है और ऐसे स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास सड़कों, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर दिखाई देने वाले अतिक्रमण की सूचना पोर्टल के माध्यम से दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों और एनफोर्समेंट एजेंसियों की संयुक्त भागीदारी से गुरुग्राम को अतिक्रमण मुक्त बनाने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।

जीएमडीए ने यह पोर्टल इन-हाउस विकसित किया है। इसे मोबाइल फोन, लैपटॉप और डेस्कटॉप के माध्यम से इस्तेमाल किया जा सकता है। कोई भी व्यक्ति https://gmda.gov.in/anti-encroachment पर क्लिक करके अपने आस पास हो रहे अतिक्रमण की सूचना जीएमडीए को दे सकता है । इसका लिंक जीएमडीए की वेबसाइट के “New Arrivals” सेक्शन में भी दिया गया है।

शिकायतों की निगरानी के लिए अधिकारियों के लिए एडमिन मॉड्यूल भी तैयार किया गया है। इसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों की मॉनिटरिंग, की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की प्रगति को ट्रैक किया जा सकता है।

सीईओ ने एनफोर्समेंट टीमों को पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, अतिक्रमण हटाए जाने के बाद संबंधित स्थानों की नियमित निगरानी करने को कहा है, ताकि वहां दोबारा अतिक्रमण न हो और सार्वजनिक स्थानों का उपयोग आम लोगों के लिए सुनिश्चित किया जा सके।

जीएमडीए का यह कदम टेक्नोलॉजी, फील्ड एनफोर्समेंट और जनभागीदारी को जोड़कर अतिक्रमण नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

ऐसे दर्ज करें शिकायत

आप अपने मोबाइल फोन, लैपटॉप या डेस्कटॉप से https//gmda.gov.in/anti-encroachment पर लॉग इन करें। उसके बाद आप पोर्टल पर “Upload Encroachment Details” आइकन पर क्लिक करें और अतिक्रमण से संबंधित सूचना , लोकेशन और फोटो अपलोड कर शिकायत दर्ज करें । इस तरह आप शहर में अपने आसपास दिखाई देने वाले अतिक्रमण की सूचना सीधे जीएमडीए तक पहुंचा सकते हैं ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!