1 सितंबर को जिला स्तर पर युद्ध विरोधी प्रदर्शन करेगा एआईयूटीयूसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वैश्विक शांति के पक्ष में आवाज बुलंद करने के लिए जनता से भागीदारी की अपील

गुड़गांव, 31 अगस्त। केंद्रीय श्रमिक संगठन ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर (एआईयूटीयूसी) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियंस (डब्ल्यूएफटीयू) के आह्वान पर 1 सितंबर को ‘युद्ध विरोधी अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर एआईयूटीयूसी की ओर से हरियाणा के विभिन्न जिलों में युद्ध विरोधी प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

राजेंद्र सिंह ने कहा कि 1 सितंबर 1939 को हिटलर की सेना द्वारा पोलैंड पर आक्रमण के साथ द्वितीय विश्व युद्ध की शुरुआत हुई थी। इस भीषण युद्ध में सोवियत संघ के करोड़ों नागरिकों सहित विश्वभर में बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिकों और सैनिकों की जान गई। इसी युद्ध के दौरान अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराए, जिससे व्यापक जनहानि हुई और मानवता को गहरे घाव मिले।

उन्होंने कहा कि साम्राज्यवादी युद्ध हमेशा मानव जाति के विनाश का कारण बनते हैं। इनका सबसे गंभीर प्रभाव मजदूरों, किसानों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे युद्ध बहुराष्ट्रीय कंपनियों और बड़े पूंजीपतियों के आर्थिक हितों तथा मुनाफे के लिए लड़े जाते हैं, जबकि आम जनता का उनसे कोई हित नहीं जुड़ा होता।

एआईयूटीयूसी ने प्रदेश की शांतिप्रिय, जनवादी और न्यायप्रिय जनता से 1 सितंबर को जिला स्तर पर आयोजित होने वाले युद्ध विरोधी प्रदर्शनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और वैश्विक शांति के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें