तिलपत के बाबा सूरदास मंदिर से होगी शुरुआत, निलंबन और एफआईआर दर्ज होने तक जारी रहेगा आंदोलन
डबुआ कॉलोनी की महापंचायत में पूर्वांचल-बिहारी समाज ने बुलंद की विरोध की आवाज
फरीदाबाद, 30 अगस्त। फरीदाबाद नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमबीर सिंह द्वारा पूर्वांचल और बिहारी समाज के प्रति कथित तौर पर की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी का मामला अब बड़े आंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है। रविवार को डबुआ कॉलोनी स्थित भोजपुरी अवधी समाज के प्रांगण में आयोजित महापंचायत में 2 अक्टूबर से निर्णायक आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया गया।
महापंचायत में पूर्वांचल समाज के लोगों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। उपस्थित लोगों ने अधिकारी के कथित बयान पर रोष प्रकट करते हुए उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
महापंचायत को संबोधित करते हुए फरीदाबाद एनआईटी के पूर्व विधायक पंडित नीरज शर्मा ने कहा कि फरीदाबाद के निर्माण और विकास में पूर्वांचल तथा बिहारी समाज के लोगों ने अपने श्रम और पसीने से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस समाज का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
गांधी जयंती पर शुरू होगा आंदोलन
नीरज शर्मा ने महापंचायत के समक्ष प्रस्ताव रखते हुए कहा कि समाज की सहमति और एकजुटता से 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर गांव तिलपत स्थित ऐतिहासिक बाबा सूरदास मंदिर से बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती पर प्रारंभ होने वाला यह आंदोलन अहिंसक होगा, लेकिन अपनी मांगें पूरी होने तक लगातार जारी रहेगा। महापंचायत में उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर आंदोलन के प्रस्ताव का समर्थन किया।
महापंचायत ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
महापंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक—
- नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमबीर सिंह को तत्काल निलंबित नहीं किया जाता।
- उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती।
- अधिकारी पूर्वांचल एवं बिहारी समाज से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते।
नीरज शर्मा ने कहा कि यह संघर्ष किसी क्षेत्र या वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि समाज के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आंदोलन शुरू होने से पहले उचित कार्रवाई करने की मांग की।
पहले भी अधिकारियों को सौंपा जा चुका ज्ञापन
इससे पूर्व नीरज शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त, उपायुक्त, डीसीपी बल्लभगढ़ और नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उन्हें निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी।
महापंचायत में उपमहापौर मुकेश शर्मा, भोजपुरी अवधी समाज के अध्यक्ष रघुवर दयाल, संयोजक रमाकांत तिवारी, एनआईटी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण सिंह, पूर्व पार्षद दयाशंकर गिरी, पूर्व पार्षद दीपक चौधरी, सुदेश डागर, रामरेखा यादव, मधुसूदन झा, राजकुमार यादव, ज्ञानेंद्र यादव, विपिन बिहारी यादव, प्रभु झा, अमित शर्मा, मुकेश गिरी, बेचू गिरी, त्रिभुवन, लाल सिंह, दीपक शुक्ला, संतोष कौशिक, दामोदर तथा पटेल सभा के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








