*एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच ने पटौदी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
*मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए आज 30 अगस्त को भी चलेगा विशेष अभियान*
गुरुग्राम, 29 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फेज-2 के तहत जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के पहले दिन शनिवार को विभिन्न बूथों पर शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में नए मतदाताओं के पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने, मतदाता सूची में विवरण अपडेट करने तथा लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र पटौदी के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर विशेष अभियान के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण, दस्तावेज प्राप्त करने तथा मतदाता सूची से संबंधित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान बूथों पर आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक की समस्या का तत्परता से समाधान किया जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर ऑनलाइन अपलोडिंग सहित अन्य कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
एसडीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अधिक सटीक, नवीनतम एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से उन युवाओं से अपील की, जिनकी आयु 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक हो चुकी है और अभी तक उनका मतदाता पहचान पत्र नहीं बना है। ऐसे युवा अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आज 30 अगस्त तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों को दस्तावेज पूरे न होने के संबंध में बीएलओ की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ है, वे भी विशेष अभियान के दौरान अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जमा करवाएं, ताकि उनके मतदाता विवरण को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपडेट किया जा सके।
एसडीएम दिनेश लुहाच ने कहा कि एक सशक्त एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं भी अपने मतदाता विवरण की जांच करें और पात्र परिवार के सदस्यों, विशेषकर नए युवा मतदाताओं, का पंजीकरण करवाने में सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण फेज-2 के तहत 30 अगस्त को भी विशेष अभियान जारी रहेगा। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने मतदाता संबंधी कार्य समय रहते पूरे करवाने की अपील की।









