सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में जीएमडीए की बड़ी कार्रवाई; 18.5 किलोमीटर क्षेत्र से हटाया अतिक्रमण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में जीएमडीए की बड़ी कार्रवाई; 18.5 किलोमीटर क्षेत्र से हटाया अतिक्रमण*

*-ओल्ड एमजी रोड, ग्वाल पहाड़ी रोड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख हिस्सों में एनफोर्समेंट अभियान*

*-फुटपाथ, साइकिल ट्रैक और सार्वजनिक क्षेत्रों को कराया गया अतिक्रमण मुक्त, आवागमन के लिए बहाल किया गया मार्गाधिकार*

*गुरुग्राम, 26 अगस्त*: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा के निर्देशों के अनुपालन में जीएमडीए के एनफोर्समेंट विंग द्वारा बुधवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत करीब 18.5 किलोमीटर सड़क मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों से अवैध कब्जे और अतिक्रमण हटाए गए। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) बहाल करना तथा पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और वाहन चालकों के लिए सुगम एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना रहा।

*सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई*

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को उनके निर्धारित उपयोग के लिए सुरक्षित रखना और उन पर दोबारा अतिक्रमण न हो, यह सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।

उन्होंने एनफोर्समेंट टीमों को संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी करने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कें, फुटपाथ, साइकिल ट्रैक और अन्य सरकारी भूमि नागरिकों के निर्बाध उपयोग के लिए अतिक्रमण मुक्त रहनी चाहिए।

*शहर के प्रमुख स्थानों पर चला एनफोर्समेंट अभियान*

बुधवार को जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) जीएमडीए श्री आर.एस. बाठ के नेतृत्व में एनफोर्समेंट टीम ने गुरुग्राम के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर कार्रवाई की।

सेक्टर-20 के आउटर रोड पर करीब 1.2 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 30 अतिक्रमण हटाए गए। इनमें ढाबे, शेड और अवैध रेहड़ियां शामिल थीं।

ग्वाल पहाड़ी रोड पर करीब 500 मीटर क्षेत्र में कार्रवाई की गई, जहां दुकानों, टिन शेड और अवैध बोर्ड सहित विभिन्न प्रकार के अतिक्रमण हटाए गए।

इसी प्रकार ओल्ड एमजी रोड पर लगभग 3.8 किलोमीटर लंबे हिस्से को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यहां करीब 31 अतिक्रमण हटाए गए, जिनमें टिन शेड, झुग्गियां और अवैध रेहड़ियां शामिल थीं।

सेक्टर-24/26, 26ए तथा 26ए/12 में करीब 5 किलोमीटर क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान भवन निर्माण सामग्री, अवैध शेड, खोखे तथा अन्य अनधिकृत ढांचों सहित करीब 50 अतिक्रमणों पर कार्रवाई की गई।

वहीं सेक्टर-27/28 एवं 27/43 में करीब 4 किलोमीटर लंबे हिस्से पर कार्रवाई करते हुए विशेष रूप से फुटपाथ और साइकिल ट्रैक पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। इसका उद्देश्य इन निर्धारित सार्वजनिक स्थलों को पैदल यात्रियों एवं साइकिल चालकों के लिए पुनः सुगम बनाना रहा।

इसके अलावा सेक्टर-54/55 एवं 55/56ए में करीब 1.5 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को कवर करते हुए लगभग 27 अतिक्रमण हटाए गए, जिनमें अस्थायी शेड आदि शामिल थे।

सेक्टर-52ए/53/43 एवं 53/58 में करीब 2.5 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर रखी गई अवैध रेहड़ियों, निर्माण सामग्री सहित करीब 20 अतिक्रमण हटाए गए।

*सार्वजनिक स्थलों और आरओडब्ल्यू को कराया गया बहाल*

प्रवर्तन अभियान के दौरान टीम द्वारा व्यापार केंद्र रोड और गोल्फ कोर्स रोड का भी निरीक्षण किया गया। इन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण सार्वजनिक स्थलों तक पहुंच प्रभावित हो रही थी। कई स्थानों पर हाल ही में लगाए गए ऐसे ग्रिल भी हटाए गए, जो सार्वजनिक आवागमन में बाधा बन रहे थे।

इसके साथ ही दुकानदारों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर दुकान का सामान बढ़ाकर रखने के मामलों में उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आरओडब्ल्यू पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए। जिन स्थानों पर अभी ग्रिल लगाई जानी बाकी है, वहां भी यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि ग्रिल की स्थापना से पैदल यात्रियों की आवाजाही अथवा सार्वजनिक पहुंच में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से इफको चौक की ओर जाने वाले चौराहे के पास भी कार्रवाई की गई। यहां चौक पर किए गए अतिक्रमण हटाकर यातायात की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित की गई तथा सार्वजनिक स्थान को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

*अतिक्रमण के खिलाफ अभियान रहेगा जारी*

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन टीमों द्वारा नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण एवं निगरानी की जाएगी, ताकि हटाए गए अतिक्रमण दोबारा न हों।

उन्होंने कहा कि जीएमडीए का उद्देश्य गुरुग्राम की सड़कों, फुटपाथों, साइकिल ट्रैकों और अन्य सार्वजनिक स्थलों को साफ, सुरक्षित, सुगम और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना है, ताकि इनका उपयोग नागरिक अपने निर्धारित उद्देश्य के अनुसार निर्बाध रूप से कर सकें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!