विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फेज-2 के तहत 29 व 30 अगस्त को चलेगा विशेष अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने कहा, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा 30 अगस्त तक बनवाएं अपना नया वोट

जिला के नागरिकों की जागरूकता से ही तैयार होगी त्रुटिरहित मतदाता सूची : डीसी

गुरुग्राम, 26 अगस्त। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फेज-2 का कार्य तेजी से चल रहा है। मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 29 और 30 अगस्त को विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जिले के नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित कार्यालयों में उपस्थित रहकर मतदाताओं से संबंधित कार्य करेंगे। इस दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने तथा मतदाता सूची से जुड़े अन्य लंबित कार्यों को पूरा करने के साथ-साथ ऑनलाइन अपलोडिंग का कार्य भी किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन नागरिकों को दस्तावेज पूरे न होने के संबंध में बीएलओ की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित अवधि में अपने नजदीकी बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जमा करवाएं और मतदाता सूची में अपना विवरण अपडेट करवाएं। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की आयु 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक हो चुकी है और अभी तक उनका वोट नहीं बना है, वे भी अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ से संपर्क कर 30 अगस्त तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।

उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि त्रुटिरहित एवं नवीनतम मतदाता सूची तैयार करने में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की जागरूकता और सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने एआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर तथा बीएलओ को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण फेज-2 के कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!