बिजली पेंशनरों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराएगा संगठन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रोहतक में प्रांतीय परिषद की बैठक; चिकित्सा बिल, पेंशन संबंधी कार्यों और आठवें वेतन आयोग पर हुई चर्चा

रोहतक, 23 अगस्त। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन (पंजीकरण संख्या-176) की प्रांतीय केंद्रीय परिषद की बैठक रोहतक के सिटी हार्ट होटल में केंद्रीय प्रधान श्याम करण गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ राज्यभर की जिला इकाइयों के प्रधानों और सचिवों ने भाग लिया। मंच संचालन प्रांतीय अतिरिक्त महासचिव चमन लाल शर्मा ने किया।

बैठक में विभिन्न जिला इकाइयों के प्रतिनिधियों ने चिकित्सा बिलों की प्रतिपूर्ति, पेंशन संबंधी लंबित कार्यों, कार्यालयों में सुनवाई न होने और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ी समस्याएं रखीं। केंद्रीय प्रधान श्याम करण गर्ग ने प्रतिनिधियों के सुझाव सुनकर समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत करने का आश्वासन दिया।

चिकित्सा बिलों की प्रतिपूर्ति का मुद्दा उठा

जींद जिला इकाई के प्रधान जिले सिंह शर्मा ने चिकित्सा बिलों की प्रतिपूर्ति में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। इस पर केंद्रीय प्रधान ने संबंधित प्रबंध निदेशक से बातचीत कर समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

हांसी इकाई के सचिव चंद्रभान सैनी ने डीडीओ एवं कार्यकारी अभियंता कार्यालय में पेंशनरों के लंबित कार्यों की ओर ध्यान दिलाया। भिवानी इकाई के प्रधान बालमुकुंद बापोड़ा ने मुख्यालय स्तर पर लंबित मामलों की जानकारी दी। संगठन ने हिसार में तैनात पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर इनका निपटारा कराने का आश्वासन दिया।

नई रसीद पुस्तिकाएं छापने का निर्णय

फरीदाबाद इकाई के प्रधान देवी दयाल दिसोदिया और सचिव बीएस भंडारी ने रसीद पुस्तिकाओं की छपाई का मामला उठाया। संगठन ने पुरानी रसीद पुस्तिकाओं को हटाकर नई पुस्तिकाएं छपवाने का निर्णय लिया। फरीदाबाद के पेंशनरों के प्रशिक्षण अवधि संबंधी मामले पर भी निगम के उच्चाधिकारियों से बातचीत की जाएगी।

गुरुग्राम इकाई के सचिव बनवारी लाल शर्मा ने गुरुग्राम में संचालित बिजली पेंशनर सेवा केंद्र की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इकाई के पदाधिकारी प्रतिदिन दो घंटे केंद्र पर उपस्थित रहकर पेंशनरों के कार्य करवाने में सहयोग करते हैं।

आठवें वेतन आयोग पर भी रखे सुझाव

प्रांतीय मुख्य संगठनकर्ता बीर सिंह ने आठवें वेतन आयोग के लिए सुझाव भेजने का विषय उठाया। केंद्रीय प्रधान ने बताया कि प्रांतीय महासचिव धर्म सिंह भारद्वाज की ओर से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है। बीर सिंह ने कहा कि किसी भी जिला इकाई के बुलावे पर वे सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।

सफीदों इकाई के प्रधान राजेंद्र वशिष्ठ ने कहा कि पेंशनरों की समस्याओं पर प्रबंधन का ध्यान आकर्षित करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन और प्रदर्शन का रास्ता भी अपनाया जाना चाहिए।

संगठन में समानता और एकता पर बल

प्रांतीय प्रेस सचिव विनोद बिहारी शर्मा ने कहा कि संगठन के प्रत्येक सदस्य को बिना किसी भेदभाव के समान सम्मान मिलना चाहिए। वरिष्ठ नागरिकों को आपसी राजनीति और तनाव से बचते हुए सेवा भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने संगठन की एकता मजबूत बनाए रखने पर बल दिया। विनोद बिहारी शर्मा और सलाहकार सुभाष जैन ने हिसार स्थित मुख्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी।

उपमहासचिव शशिकांत ने बताया कि मुख्यालय के सॉफ्टवेयर में आ रही तकनीकी समस्या दूर करा दी गई है। प्रांतीय वित्त सचिव जगदीश राय शर्मा ने संगठन की आय और व्यय का विवरण परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया।

बैठक में करनाल से राज्य सलाहकार वीपी गुप्ता, पानीपत से सतवीर सिंह शर्मा, रेवाड़ी से नरेंद्र रोहिल्ला, सिरसा से रण सिंह, पलवल से भगत सिंह व चरण सिंह, कुरुक्षेत्र से केसी वर्मा, रोहतक से प्रताप सिंह सहरावत, गोहाना से नरेंद्र गुज्जर, बहादुरगढ़ से केएल गुप्ता और हिसार से बलवंत सिंह बूरा सहित सोनीपत, अंबाला, झज्जर तथा अन्य इकाइयों के प्रतिनिधियों ने सुझाव रखे।

संगठन के वरिष्ठ सदस्य इंद्रजीत आजाद ने बैठक की व्यवस्थाएं संभालीं। प्रांतीय महासचिव धर्म सिंह भारद्वाज अस्वस्थता के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके।

बैठक के समापन पर केंद्रीय प्रधान श्याम करण गर्ग, अतिरिक्त महासचिव चमन लाल शर्मा और मुख्य संगठनकर्ता बीर सिंह ने सभी जिला इकाइयों की समस्याओं का संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समाधान कराने का भरोसा दिलाया। अध्यक्षीय संबोधन और आभार प्रदर्शन के बाद बैठक संपन्न हुई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें