मानसून सत्र के लिए विधान सभा सचिवालय सक्रिय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने लिया तैयारियों का जायजा

मंगलवार को सुरक्षा प्रबंधों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

बुधवार को कार्य सलाहकार समिति की बैठक में होगी सत्र की कार्यवाही पर मंत्रणा

चंडीगढ़, 24 अगस्त। 27 अगस्त से शुरू होने वाले हरियाणा विधान सभा के मानसून सत्र को लेकर विधान सभा सचिवालय पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने विधान सभा परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सदन, बैठक व्यवस्थाओं, तकनीकी सुविधाओं, मीडिया एवं अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया।

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि सत्र का सफल संचालन केवल व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि सदन की गरिमा, अनुशासन और सार्थक चर्चा से सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि मानसून सत्र के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रहें और प्रदेश की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सदन में गंभीर, सार्थक और सकारात्मक चर्चा हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं बेहतर समन्वय के साथ पूरी की जाएं।

इसी क्रम में मंगलवार को विधान सभा अध्यक्ष ने सुरक्षा संबंधी विषयों को लेकर हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ यूटी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। बैठक में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी), चंडीगढ़ यूटी प्रशासन के जिला उपायुक्त, पंजाब विधान सभा के सचिव, सीआईएसएफ कमांडेंट तथा हरियाणा विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। बैठक में सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आपसी समन्वय तथा अन्य संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

वहीं, बुधवार को कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक बुलाई गई है। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सदन के नेता एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री अनिल विज, संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक गीता भुक्कल तथा विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, सावित्री जिंदल और विधायक अर्जुन चौटाला भाग लेंगे। बैठक में मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही के संचालन, विभिन्न विषयों पर चर्चा तथा विधायी कार्य के संबंध में विचार-विमर्श किया जाएगा।

विस अध्यक्ष ने कहा कि विधान सभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है और यहां होने वाली प्रत्येक चर्चा का सीधा संबंध प्रदेश की जनता से होता है। इसलिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि वे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए सदन की कार्यवाही को गरिमापूर्ण और प्रभावी बनाने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि सत्र के प्रत्येक दिन का सदुपयोग हो और अधिक से अधिक जनहित के विषय सदन में चर्चा के लिए आएं, यही प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से जुड़े विषयों पर सदन में जवाबदेही के साथ अपना पक्ष रखेगी और विपक्ष को भी रचनात्मक भूमिका निभाते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!