जीएमडीए ने लॉन्च किया एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-अतिक्रमण की जानकारी अब सीधे जीएमडीए तक पहुंचा सकेंगे नागरिक

गुरुग्राम, 24 अगस्त: सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखने और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने की दिशा में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल लॉन्च किया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिक शहर में अतिक्रमण की जानकारी सीधे जीएमडीए तक पहुंचा सकेंगे। पोर्टल पर प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित टीमों द्वारा स्थल की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे जीएमडीए के अधिकार क्षेत्र में आने वाले रोड राइट ऑफ वे सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में मदद मिलेगी।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए तकनीक के साथ नागरिकों की भागीदारी को जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल नागरिकों को अतिक्रमण की जानकारी साझा करने का सरल और सुविधाजनक माध्यम उपलब्ध कराता है। इससे अतिक्रमण स्थलों की पहचान, निगरानी और उन पर कार्रवाई को अधिक तेज एवं व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा तथा जीएमडीए के आरओडब्ल्यू को अतिक्रमण मुक्त रखना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।

यह पोर्टल जीएमडीए की टीम द्वारा श्री पी.सी. मीणा के निर्देश एवं निगरानी में इन-हाउस विकसित किया गया है। पोर्टल अब लाइव है और इसे किसी भी एंड्रॉयड या आईफोन मोबाइल, लैपटॉप अथवा डेस्कटॉप से एक्सेस किया जा सकता है। इसके लिए https://gmda.gov.in/anti-encroachment/ लिंक उपलब्ध है। नागरिकों की सुविधा के लिए जीएमडीए की मुख्य वेबसाइट के “New Arrivals” सेक्शन में भी एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल का लिंक उपलब्ध कराया गया है।

पोर्टल के माध्यम से नागरिक मौके से ही अपने मोबाइल फोन के कैमरे का उपयोग कर अतिक्रमण की तस्वीरें साझा कर सकेंगे। अपलोड की गई तस्वीर के साथ स्थान की जियो-लोकेशन और समय की जानकारी भी दर्ज होगी। पोर्टल जियो-कोऑर्डिनेट के आधार पर संबंधित स्थल का पता स्वतः दर्ज और सुरक्षित करेगा। इससे फील्ड टीमों को अतिक्रमण स्थल की सटीक जानकारी मिलेगी और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करना आसान होगा।

पोर्टल पर प्राप्त जानकारी को अतिक्रमण के प्रकार और स्थान के आधार पर वर्गीकृत करने की सुविधा भी उपलब्ध है। ग्रीन बेल्ट, सड़क, बाजार, फुटपाथ तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को अलग-अलग श्रेणियों में दर्ज किया जा सकेगा। साथ ही सेक्टर, क्षेत्र और स्थान से संबंधित जानकारी उपलब्ध होने से संबंधित टीम को कार्रवाई के लिए स्थल तक पहुंचने में सुविधा होगी।

अधिकारियों के लिए पोर्टल पर एक एडमिन मॉड्यूल भी विकसित किया गया है। इसके माध्यम से प्राप्त अतिक्रमण की जानकारी की निगरानी करने के साथ-साथ की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड भी रखा जा सकेगा। अतिक्रमण हटाने से पहले और बाद की स्थिति दर्ज करने की सुविधा से कार्रवाई की प्रगति और परिणाम की बेहतर निगरानी संभव होगी।

श्री पी.सी. मीणा ने संबंधित अधिकारियों को पोर्टल पर प्राप्त जानकारी पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से जीएमडीए के आरओडब्ल्यू, ग्रीन बेल्ट, सड़कों, फुटपाथों, ड्रेनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ अतिक्रमण हटाए जाने के बाद नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि दोबारा अतिक्रमण की स्थिति न बने।

पोर्टल पर अतिक्रमण नियंत्रण ब्लॉग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जहां शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाने के अभियानों और संबंधित गतिविधियों की जानकारी साझा की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और यूट्यूब/वीडियो को भी पोर्टल से जोड़ा गया है, जिससे अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को नागरिकों के साथ साझा किया जा सके और प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाई जा सके।

सीईओ जीएमडीए श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल तकनीक और जनभागीदारी को अतिक्रमण नियंत्रण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, जीएमडीए के आरओडब्ल्यू को अतिक्रमण मुक्त रखना और प्रभावी प्रवर्तन एवं निरंतर निगरानी के माध्यम से अतिक्रमण मुक्त, व्यवस्थित और बेहतर गुरुग्राम सुनिश्चित करना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!