मेघवाल समाज के कार्यक्रम को भाजपा ने राजनीतिक मंच बनाया : विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान का स्वागत, सामाजिक मंच पर दलगत राजनीति की आलोचना

रेवाड़ी, 24 अगस्त। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने बावल में मेघवाल उत्थान समिति के 411 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हाथों सम्मानित करवाने की पहल का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने मेघवाल समाज की मांगों पर मुख्यमंत्री द्वारा ध्यान दिए जाने को सकारात्मक बताया।

विद्रोही ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सामाजिक कार्यक्रम को राजनीतिक मंच में बदलकर उसे हाईजैक करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक मंचों पर किसी एक राजनीतिक दल का प्रभुत्व स्थापित करना गलत संदेश देता है। कार्यक्रम के मंच पर मेघवाल समाज के प्रतिनिधियों के बजाय भाजपा नेताओं की अधिक मौजूदगी से यह आयोजन सामाजिक कम और राजनीतिक अधिक दिखाई दिया।

उन्होंने कहा कि मेघवाल उत्थान समिति की मेहनत से एकत्रित लोगों के बीच समाज की समस्याओं और मांगों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन भाजपा ने इस अवसर का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ लेने के लिए किया। यह सामाजिक आयोजनों की मूल भावना के अनुरूप नहीं है।

विद्रोही ने मेघवाल समाज के आयोजकों को भी सुझाव दिया कि भविष्य में ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में केवल भाजपा से जुड़े नेताओं के बजाय सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाना चाहिए। इससे कार्यक्रम का सामाजिक स्वरूप कायम रहेगा और किसी एक दल को मंच पर कब्जा करने का अवसर नहीं मिलेगा।

कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेना अलोकतांत्रिक

विद्रोही ने मुख्यमंत्री के बावल दौरे के दौरान रेवाड़ी जिले के कांग्रेस नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की भी निंदा की। उन्होंने इसे अलोकतांत्रिक और तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध तथा असहमति की आवाज को पुलिस के बल पर दबाना उचित नहीं है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!