राम मंदिर चंदा चोरी मामले में भाजपा कार्यालय के सामने सुंदरकांड पाठ करेगी कांग्रेस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गजनवी ने 17 बार सोमनाथ लूटा, चंदा चोरों ने 40 दिन में 70 बार राम मंदिर में डाली डकैती : वर्धन यादव

राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध तेज, 14 जुलाई को भाजपा कार्यालय के बाहर होगा सुंदरकांड पाठ।

गुरुग्राम, 12 जुलाई। अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में सामने आए कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा उन्हें संरक्षण देने वालों को सद्बुद्धि देने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम (ग्रामीण) ने एक अनोखे विरोध कार्यक्रम की घोषणा की है।

ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में 14 जुलाई, मंगलवार को सुबह 11 बजे गुरुग्राम स्थित भाजपा के जिला कार्यालय “गुरुकमल” के सामने विशाल श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता तथा रामभक्त शामिल होंगे।

मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वर्धन यादव ने कहा कि मंदिर में हुई चोरी की घटना अत्यंत शर्मनाक है और इससे देश के करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था पर आघात है।

वर्धन यादव ने कहा, “महमूद गजनवी ने अपने 27 वर्ष के कार्यकाल में 17 बार सोमनाथ मंदिर को लूटा था, लेकिन चंदा चोरों ने भगवान श्रीराम के पवित्र मंदिर में मात्र 40 दिनों के भीतर 70 बार डकैती डाल दी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि यह घटना साधु-संतों की तपस्या, कोठारी बंधुओं के बलिदान और करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ी हुई है। कांग्रेस इस मुद्दे को जनभावनाओं से जुड़ा विषय मानते हुए शांतिपूर्ण और धार्मिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगी।

वर्धन यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और भगवान श्रीराम के भक्तों से अपील की कि वे 14 जुलाई को सुबह 11 बजे अधिक से अधिक संख्या में भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचें और सुंदरकांड पाठ में भाग लें।

उन्होंने कहा कि सुंदरकांड पाठ के माध्यम से प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की जाएगी कि दोषियों को कठोर दंड मिले तथा सत्ता में बैठे लोगों को सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की सद्बुद्धि प्राप्त हो।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!