स्कूलों, गांवों और शहरों में जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश
गुरुग्राम, 1 जुलाई- डीसी उत्तम सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म के संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 14 जुलाई तक सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही, अपडेट और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा अभियान की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।
इससे पहले मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर एसआईआर-2026 अभियान के तहत चल रहे एन्यूमरेशन फॉर्म के संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद डीसी उत्तम सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में एन्यूमरेशन फॉर्म का संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में एसआईआर-2026 के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाए। विद्यार्थियों को इस प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें अपने माता-पिता तथा परिवार के अन्य पात्र सदस्यों के एन्यूमरेशन फॉर्म समय पर भरवाकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करवाने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को एसआईआर-2026 अभियान की जानकारी दी जाए। इस कार्य में सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता तक यह जानकारी पहुंच सके।
डीसी ने कहा कि जिन बीएलओ के पास डिजिटाइजेशन कार्य का अधिक भार है या जिन्हें तकनीकी सहायता की आवश्यकता है, वहां आवश्यकता अनुसार ऑपरेटर उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि ऑनलाइन डाटा अपलोड का कार्य समय पर पूरा हो सके।
उन्होंने सभी आरओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सुपरवाइजरों के साथ प्रतिदिन समीक्षा बैठक करें तथा एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की दैनिक प्रगति पर नजर रखें। जहां किसी प्रकार की समस्या सामने आए, उसका तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह सही, अपडेट और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ का पूरा सहयोग करें, समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करवाएं तथा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।








