विप्र फाउंडेशन ने स्व. योगेश कौशिक की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, शुरू होगा ‘विप्र गौरव पुरस्कार’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 22 जून। विप्र फाउंडेशन, गुरुग्राम द्वारा हरियाणा के पूर्व प्रदेश महामंत्री स्वर्गीय योगेश कौशिक की पुण्यतिथि पर सोमवार को दीप प्लाजा, गुरुग्राम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य व्यक्तियों, संगठन पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें स्मरण किया।

गुरुग्राम के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एडवोकेट सत्य नारायण शर्मा एवं जिला महामंत्री जयमंत मुदगिल ने संयुक्त रूप से बताया कि यह कार्यक्रम विप्र फाउंडेशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप वशिष्ठ तथा प्रदेश संरक्षक मुकेश शर्मा सिलोखरा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन, गुरुग्राम ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि स्वर्गीय योगेश कौशिक की स्मृति में प्रतिवर्ष उनकी पुण्यतिथि पर ‘योगेश कौशिक विप्र गौरव पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान के तहत समाज के किसी मेधावी छात्र-छात्रा अथवा शिक्षा, समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण, संस्कृति, प्रशासन, विज्ञान, खेल, साहित्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये तक की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

वक्ताओं ने स्वर्गीय योगेश कौशिक के संगठन निर्माण, समाज सेवा तथा ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनका समर्पण, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति निस्वार्थ भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज सेवा और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया।

श्रद्धांजलि सभा में दयाचंद वशिष्ठ, नरेंद्र गौड़, महाबीर बोहरा, राजेश शर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा, धर्मेंद्र मिश्रा, मुकेश गौड़, नरेंद्र वशिष्ठ, विनोद शर्मा, अरविंद चंदन द्विवेदी, गौरव शुक्ला, गोविंद वशिष्ठ, प्रदीप शर्मा (भोंडसी), आर.एम. भारद्वाज, रामगोपाल शर्मा, अतर सिंह शर्मा, प्रताप गौतम, सत्य प्रताप शर्मा, विकास शर्मा, सूरज गोयल, दिनेश कुमार, अमित वर्मा, संजीव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय योगेश कौशिक को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी पुण्य आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!