योग के साथ प्राचीन यौगिक शुद्धि क्रियाओं का अभ्यास कर बताए स्वस्थ जीवन के सूत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पांच दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर संपन्न, सैकड़ों साधकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

गुरुग्राम, 22 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पालम विहार स्थित सात फेरे गार्डन में आयोजित पांच दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर एवं सेहत संवाद कार्यक्रम सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। पतंजलि योगपीठ और भारत स्वाभिमान के तत्वावधान में सनातन योग सेवा समिति द्वारा आयोजित इस शिविर में नवकल्प फाउंडेशन और नीमा गुरुग्राम ने मुख्य सह-आयोजक की भूमिका निभाई।

शिविर के प्रमुख संचालक योगाचार्य एम.डी. आयुर्वेद डॉ. सुनील आर्य ने साधकों को योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास और संतुलित दिनचर्या न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाती है। पांच दिनों तक चले इस शिविर में विभिन्न प्राणायामों और योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर संवाद आयोजित किए गए।

सेहत संवाद के दौरान डॉ. आर्य ने भारतीय पारंपरिक खान-पान को अपनाने, दिनचर्या में सुधार लाने तथा सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के घरेलू उपचारों को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न अनेक बीमारियों से बचाव के लिए योग और प्राकृतिक जीवन पद्धति अत्यंत प्रभावी माध्यम हैं।

शिविर की विशेष आकर्षण प्राचीन यौगिक शुद्धि क्रियाओं का प्रदर्शन रहा। आचार्य गिरिराज जी ने जलनेती, सूत्र नेती और वस्त्र धौति जैसी पारंपरिक शुद्धि क्रियाओं का लाइव प्रदर्शन कर साधकों को इनके लाभों से अवगत कराया। प्रतिभागियों ने इन क्रियाओं को उत्साहपूर्वक देखा और योग विज्ञान के इस महत्वपूर्ण पक्ष को निकट से समझा।

अंतिम दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें भारत स्वाभिमान और महिला योग समिति के साधकों सहित शहर के सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सनातन योग सेवा समिति के संस्थापक दीपक आर्य ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, सहयोगी संस्थाओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर, राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव, गौ सेवा आयोग के वाइस चेयरमैन पूरन यादव, विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष राजेश अवस्थी, पार्षद राकेश यादव तथा प्रदीप पदम् सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नीमा गुरुग्राम की ओर से प्रधान डॉ. मोहित कुमार ढींगरा, डॉ. मधु ढींगरा, डॉ. रश्मि शर्मा, डॉ. राजेश शर्मा, डॉ. अश्वनी गोयल, डॉ. अमिताभ यादव और डॉ. उदयवीर सहित कई चिकित्सकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को मजबूत किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!