म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निवारण को लेकर एडीसी सोनू भट्ट ने की समीक्षा बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अगली जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में म्हारी सड़क ऐप से संबंधित एक शिकायत अनिवार्य रूप से रखी जाएगी : एडीसी

गुरुग्राम, 22 जून। जिले में सड़क संबंधी शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एडीसी सोनू भट्ट ने सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त शिकायतों, उनके निस्तारण की वर्तमान स्थिति तथा लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों द्वारा दर्ज की गई शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से लंबित मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में नगर निगम गुरुग्राम, नगर निगम मानेसर, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड तथा एचएसआईआईडीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्राप्त शिकायतों, उनके निवारण की प्रगति तथा लंबित मामलों के कारणों की जानकारी एडीसी को दी। बैठक के दौरान विभागों द्वारा सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, गड्ढों की भराई, जलभराव तथा यातायात से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार नागरिक शिकायतों का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि म्हारी सड़क ऐप केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह प्रशासन की जवाबदेही और कार्यप्रणाली का भी महत्वपूर्ण संकेतक है। इसलिए सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों को उनकी प्रकृति के अनुसार प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान शीघ्र संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

बैठक के दौरान एडीसी ने विशेष रूप से ओवरड्यू शिकायतों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों से उनका कारण पूछा और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई शिकायतें लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर विभागों को गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक लंबित शिकायत के लिए संभावित समाधान अवधि निर्धारित कर उसकी नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही जिन मामलों में कार्य प्रगति पर है, उनकी अपटेड स्थिति भी पोर्टल पर समय-समय पर अपलोड की जाए ताकि शिकायतकर्ताओं को कार्यवाही की जानकारी मिलती रहे।

एडीसी सोनू भट्ट ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार आगामी जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में म्हारी सड़क ऐप से संबंधित कम से कम एक शिकायत अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाएगी। ऐसे में सभी विभाग अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि नागरिकों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान हो। उन्होंने कहा कि सड़कों से जुड़ी समस्याओं का सीधा प्रभाव आमजन के दैनिक जीवन पर पड़ता है, इसलिए इन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!