रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने मुकेश सिरोही भारतीय को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा युवा प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर भारत युवा महासचिव नियुक्त

गुरुग्राम। रामदास अठावले के नेतृत्व में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) ने संगठन विस्तार अभियान के तहत युवा नेतृत्व को मजबूत करते हुए युवा एवं सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सिरोही भारतीय को दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी नेतृत्व की सहमति से उन्हें हरियाणा का युवा प्रदेश अध्यक्ष तथा उत्तर भारत का युवा महासचिव नियुक्त किया गया है।

यह नियुक्ति पार्टी के उत्तर भारत युवा अध्यक्ष महेंद्र के. तिवारी की अनुशंसा पर की गई। नियुक्ति पत्र जारी होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है तथा विभिन्न राज्यों से मुकेश सिरोही भारतीय को बधाई संदेश प्राप्त हो रहे हैं।

नवनियुक्त युवा नेता मुकेश सिरोही भारतीय ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य भीमराव अंबेडकर के विचारों और सिद्धांतों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया की जनहितैषी नीतियों और विचारधारा को हरियाणा के गांव-गांव तथा देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए वह लगातार कार्य करेंगे। साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़कर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुकेश सिरोही भारतीय को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में हरियाणा और उत्तर भारत में पार्टी का युवा संगठन और अधिक मजबूत होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!