फॉर्महाउस में हाई-प्रोफाइल अवैध पार्टी का भंडाफोड़, 16 नाइजीरियन नागरिकों समेत 18 गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

₹3.20 लाख नकद, करीब ₹5 लाख की महंगी शराब और जुए का सामान बरामद

गुरुग्राम | 22 दिसंबर 2025 – गुरुग्राम पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भौंडसी थाना क्षेत्र स्थित ELAGANT FARM (B-2 Behlpa Green) पर छापा मारकर एक अवैध विदेशी पार्टी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 16 विदेशी नागरिकों (नाइजीरियन सहित) और 2 भारतीय बाउंसरों समेत कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि फार्महाउस के मालिक व मैनेजर की मिलीभगत से विदेशी नागरिकों को इकट्ठा कर बिना अनुमति शराब परोसी जा रही है, डीजे पार्टी चल रही है और जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर भौंडसी थाना पुलिस ने तत्काल रेड की।

डीजे, शराब और जुए का अड्डा निकला फार्महाउस

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि फार्महाउस में तेज डीजे पर नाच-गाना चल रहा था। विदेशी नागरिक गोलनुमा टेबल के चारों ओर बैठकर शराब पी रहे थे और ताश के पत्तों से जुआ खेला जा रहा था। मौके से फार्महाउस पर तैनात बाउंसरों सहित सभी आरोपियों को काबू कर लिया गया।

वीजा-पासपोर्ट नहीं दिखा पाए विदेशी नागरिक

पुलिस द्वारा जब विदेशी नागरिकों से वीजा और पासपोर्ट मांगे गए तो वे वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ विदेशी अधिनियम, आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत थाना भौंडसी में मामला दर्ज किया।

लाखों की नकदी और महंगी शराब जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

  • ₹3 लाख 20 हजार नकद,
  • लगभग ₹5 लाख मूल्य की शराब,
  • 24 पेटी महंगी शराब,
  • 16 पेटी बीयर,
  • तथा जुए में प्रयुक्त ताश की गड्डियां बरामद की हैं।
16 विदेशी नागरिक होंगे डिपोर्ट

गिरफ्तार किए गए 16 विदेशी नागरिकों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद उन्हें डिपोर्ट किया जाएगा। वहीं, भारतीय बाउंसरों को भी अभियोग में शामिल कर जांच की जा रही है। मामले का अनुसंधान जारी है।

न्यू ईयर पर सख्ती, अवैध आयोजनों पर जीरो टॉलरेंस

इस कार्रवाई को लेकर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण गुरुग्राम) डॉ. हितेश यादव ने सख्त संदेश देते हुए कहा—

“न्यू ईयर के दौरान फार्महाउसों पर गुरुग्राम पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की अवैध पार्टी, शराब परोसने या जुए जैसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर न केवल आयोजक बल्कि फार्महाउस संचालकों को भी जेल की हवा खानी पड़ेगी।”

गुरुग्राम पुलिस की यह कार्रवाई अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है कि कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें