बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्ला बोल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम की गलेरिया मार्केट में प्रदर्शन, जागरूकता रैली निकालकर लोगों को बांटे मास्क

गुरुग्राम। देश में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ हरियाणा युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए गुरुग्राम की गलेरिया मार्केट में जोरदार प्रदर्शन किया। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, जागरूकता रैली निकाली और आमजन को प्रदूषण के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए मास्क वितरित किए।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर “प्रदूषण पर लगाम लगाओ”, “प्रदूषण हटाओ—जीवन बचाओ”, “स्वच्छ हवा हमारा अधिकार” जैसे नारे लगाए। रैली के दौरान दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को वायु प्रदूषण से होने वाली बीमारियों की जानकारी दी गई तथा बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई।

इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि देश के बड़े शहरों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है, लेकिन भाजपा सरकार आंख मूंदकर बैठी है। बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए सांस लेना मुश्किल होता जा रहा है। दमा, फेफड़ों और हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं, पर सरकार के पास कोई ठोस और स्थायी नीति नहीं है।

कटारिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कार्रवाई केवल दिखावटी घोषणाओं तक सीमित है। प्रदूषण बढ़ते ही कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है। न उद्योगों पर सख्ती है, न निर्माण गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण।

उन्होंने चेतावनी दी कि युवा कांग्रेस प्रदूषण के मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। सरकार से मांग की गई कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिले, उद्योगों की कड़ी निगरानी हो और हरित क्षेत्रों का विस्तार किया जाए।

कार्यक्रम के अंत में युवा कांग्रेस ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने, निजी वाहनों का कम उपयोग करने और मास्क पहनकर अपने स्वास्थ्य की रक्षा करने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्य रूप से हरियाणा युवा कांग्रेस की सह-प्रभारी प्रियंका चंदलिया, अभिषेक यादव, अमृत अंबावता, मोहित तंवर, शिव प्रताप, गौतम यादव, विक्रम कटारिया, सौरभ आशीष, परवीन कटारिया, मनोज, राजबीर, परमजीत, एडवोकेट सनी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें